अनूप जलोटा: 'सलमान को बिश्नोई समुदाय से माफी मांगनी चाहिए', टाइगर फायरिंग मामले पर भजन सम्राट का बड़ा बयान
Anup Jalota On Salman Khan: अभिनेता सलमान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बीच चल रही दुश्मनी का असर बॉलीवुड के कई सेलेब्स पर पड़ा है। कभी रोहित शेट्टी, कभी कपिल शर्मा और हाल ही में टाइगर श्रॉफ बिश्नोई गैंग के निशाने पर आए हैं।इस मुद्दे पर सिंगर अनूप जलोटा ने अपने विचार व्यक्त किये। जानें क्या बोले अनूप...
विस्तार
अभिनेता टाइगर श्रॉफ के साथ बीते रविवार को हुए हादसे के बाद से ही कई बॉलीवुड कलाकार सदमें में हैं। इस मामले पर कई सेलेब्स अपनी-अपनी टिप्पणी दे रहे हैं। गायक अनुप जलोटा ने भी टाइगर श्रॉफ की फायरिंग केस पर बात करते हुए सलमान खान को नसीहत दे डाली। जानें क्या बोले अनूप...
सलमान पर क्या बोले अनूप जलोटा?
गायक अनुप जलोटा ने इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए आईएनएस से कहा, ‘मुझे इससे बहुत दुख हुआ है। इसे रोकने का सिर्फ एक ही तरीका है। सलमान खान को बिश्नोई समुदाय से माफी मांगनी चाहिए। मैंने यह बात पहले भी कही है। यह बहुत महत्वपूर्ण है कि बिश्नोई समुदाय, जिसे ठेस पहुंची है उससे माफी मांगी जाए, अन्यथा बिश्नोई समुदाय को लगातार ठेस पहुंचती रहेगी। सलमान खान के साथ काम करने वाले लोग आहत होंगे, उनके परिवार भी आहत होंगे।'
पकड़े गए टाइगर श्रॉफ के हमलावर
रविवार देर शाम अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ। हमलावरों ने उन पर देसी पिस्टल से गोलीबरी की। इस घटना की जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया के जरिए ली है। टाइगर पर हमला करने वाले तीनों शूटरों को राजस्थान के कोटा में पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से दबोच लिया गया। तीनों जयपुर से बस के जरिये दिल्ली और फिर नेपाल भागने की फिराक में थे। मुंबई पुलिस के इनपुट पर कोटा पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर तीनों को जनरल कोच से गिरफ्तार किया।
लॉरेंस बिश्नोई से सलमान की पुरानी दुश्मनी
अभिनेता सलमान खान को पहली बार साल 2018 में लॉरेंस बिश्नोई की धमकी मिली थी। एक्टर पर काले हिरण शिकार केस का मामला चल रहा था। इस साल उन्हें जोधपुर कोर्ट ने 5 साल की सजा सुनाई थी। जिसके बाद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की तरफ से अभिनेता को जान से मारने की धमकी मिली। इस टकराव की वजह बिश्नोई समाज में हिरण के धार्मिक महत्व को बताया गया। इसके बाद 14 अप्रैल 2024 की सुबह करीब 4:50 से 5:00 बजे के बीच, मुंबई के बांद्रा स्थित अभिनेता सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बाइक पर आए दो हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं थीं। इस गोलीबारी की साजिश गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई के गिरोह ने रची थी।