जिया शंकर: 'इसमें जरा भी सच्चाई नहीं है', मंगेतर करण संग ब्रेकअप की अफवाहों पर अभिनेत्री ने तोड़ी चुप्पी
- अभिनेत्री जिया शंकर इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं।
- ऐसी चर्चाएं थीं कि मंगेतर करण धनक के साथ उनके रिश्ते में दूरी आ गई है।
- कयास लगाए जाने लगे कि दोनों का रिश्ता टूट गया है। मगर, ऐसी अफवाहों पर जिया ने चुप्पी तोड़ी है।
विस्तार
'बिग बॉस' फेम अभिनेत्री जिया शंकर को लेकर बीते दिनों ऐसी चर्चा शुरू हुई कि मंगेतर के साथ उनके रिश्ते में दूरी आ गई है। दरअसल, एक्ट्रेस के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद इस तरह की अटकलें लगनी शुरू हुईं। कथित तौर पर जिया ने पिछले कुछ दिनों ब्रेकअप, धोखे और इमोशनल दर्द से जुड़ी पोस्ट और रील्स शेयर कीं। इस बीच उन्होंने अपने मंगेतर करण धनक को भी इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया, जिसके बाद दोनों के ब्रेकअप के कयास लगने लगे। मगर, अब जिया ने इस पर चुप्पी तोड़ी है।
जिया ने करण को फिर से किया फॉलो
जिया शंकर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने अपनी और करण धनक की कुछ बेहद रोमांटिक तस्वीरें साझा की हैं और एक लंबा नोट लिखा है। इस बीच देखा गया है कि जिया ने करण को इंस्टाग्राम पर भी फिर से फॉलो कर लिया है। जिया ने अपने इंस्टा पोस्ट में रिश्तों, जिंदगी और सुकून को लेकर बात की है।
बोलीं- 'हम परफेक्ट नहीं हैं'
जिया शंकर ने पोस्ट के साथ नोट लिखा है, 'अगर किसी ने आपको यह नहीं बताया कि जब आप साथ रहना सीख रहे होंगे तो जिंदगी कितनी मुश्किल हो जाएगी, तो मैं आपको बता दूं कि यह कोई बॉलीवुड फिल्म नहीं है। हम ज्यादातर कपल्स बहुत प्यार करते हैं, लेकिन कभी-कभी बहुत लड़ते भी हैं। हमारे बीच कुछ अलग बातें हैं और हम बस एक-दूसरे के लिए बेहतर बनना सीख रहे हैं। हम परफेक्ट नहीं हैं। हम बस इंसान हैं, जिन्हें प्यार हुआ और हमने एक-दूसरे को चुना'।
जिया ने आगे लिखा है, 'हम सबसे अच्छे दोस्त हैं और आखिर में बस यही उम्मीद करते हैं कि हम इसे समझ लें और इस जिंदगी में साथ आगे बढ़ें। अब से मैं अपने सोशल मीडिया पर जो कुछ भी शेयर करूंगी, उसमें ज्यादा सतर्क रहूंगी, ताकि किसी भी तरह की सोच या बेबुनियाद अफवाहों के लिए कोई जगह न बचे। लेकिन, मेरे मंगेतर या हमारे रिश्ते के बारे में जो कुछ भी कहा गया है, उसमें जरा भी सच्चाई नहीं है। चलो अब प्यार और करुणा के साथ आगे बढ़ते हैं। क्या हम ऐसा कर सकते हैं? मैं दुआ करती हूं कि आप सभी को मोहब्बत मिले और जिंदगी में सुकून मिले। उम्मीद है कि आपको वह प्यार मिले, जो आपके लिए एकदम सही हो।
कौन हैं करण धनक?
जिया शंकर चर्चित टेलीविजन अभिनत्री हैं। उन्हें 'मेरी हानिकारक बीवी', 'प्यार तूने क्या किया' और 'लाल इश्क' जैसे शो में देखा गया है। 'बिग बॉस ओटीटी' का भी वे हिस्सा रही हैं। वहीं, करण धनक अमेरिका में रहने वाले उद्यमी हैं। करण और जिया की सगाई इस साल अगस्त में हुई थी।