एआर रहमान ने अपनी किताब का किया एलान, जिंदगी और संगीत से जुड़े कई खास किस्सों का होगा जिक्र; जानें पूरा मामला
A R Rahman: एआर रहमान लेखक रूपा चक्रवर्ती के साथ मिलकर अपनी नई किताब लेकर आ रहे हैं। जानिए इस किताब में क्या कुछ होगा खास।
विस्तार
एआर रहमान ने अपनी किताब का एलान किया है। उनकी आने वाली इस किताब में उनकी जिंदगी, संगीत और क्रिएटिव सफर के बारे में कई अनसुनी बातें पढ़ने को मिलेंगी। किताब को लेकर खुद एआर रहमान ने जानकारी दी है।
क्या है किताब का नाम?
मशहूर संगीतकार एआर रहमान लेखक रूपा चक्रवर्ती के साथ मिलकर अपनी नई किताब 'रहमान: ए रेनेसांस' लिख रहे हैं। यह एक संस्मरण यानी मेमॉयर होगी, जिसमें दुनिया के सबसे प्रभावशाली कलाकारों में से एक एआर रहमान की जिंदगी, संगीत और उनके क्रिएटिव सफर की झलक देखने को मिलेगी।
रहमान इस किताब के को-राइटर हैं। प्रेस रिलीज के मुताबिक, इस किताब में उनके शुरुआती दिनों से लेकर उनके कलाकार के तौर पर हुए विकास तक की कहानी बताई जाएगी। इसके अलावा इसमें उन विचारों, अनुभवों और प्रभावों के बारे में भी बात होगी, जिन्होंने उनके सफर को आकार दिया। किताब में उनके संगीत और उन विचारों के बारे में भी बताया जाएगा, जो आज भी उनके काम का हिस्सा हैं।
किताब पर क्या बोले रहमान?
एआर रहमान ने कहा कि उनका संगीत उनके दिमाग में लगातार होने वाले बदलाव और विकास से आता है। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘मेरा संगीत मेरे दिमाग के लगातार विकास से आता है। मैं जिन चुनौतियों, उम्मीदों, दुविधाओं और मुश्किलों से गुजरता हूं, जिन लोगों के साथ भाईचारा महसूस करता हूं और जिस मानसिक उथल-पुथल से गुजरता हूं, ये सभी चीजें एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘किसी न किसी तरह ये सभी चीजें मेरे बनाए संगीत का हिस्सा बन जाती हैं। इस किताब के जरिए मैं अपनी जिंदगी के उन पलों, प्रभावों और विचारों को साझा करना चाहता हूं, जिन्होंने मेरे इस सफर को आकार दिया है।’
संगीतकार रहमान दिवंगत गायिका आशा भोसले के लिए एक ट्रिब्यूट म्यूजिक वीडियो को रिलीज करने की तैयारी भी कर रहे हैं। हाल ही में ए.आर. रहमान ने घोषणा की कि बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान दिवंगत गायिका आशा भोसले के आगामी ट्रिब्यूट म्यूजिक वीडियो का हिस्सा होंगे।
ये भी पढ़ें- ‘यह मेरी अब तक की…’, ‘आवारापन 2’ की सफलता पर इमरान हाशमी का भावुक रिएक्शन; पोस्ट शेयर कर लिखा खास नोट