Updates: ठाणे में उद्धव की रैली में मंच हिला; फडणवीस ने इस्लामिक विद्वान का वीडियो दिखाया, वोट जिहाद का जिक्र
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार कर रहे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की विदर्भ में सभी रैलियों को रद्द कर दिया गया। वह अब नागपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
फडणवीस ने इस्लामिक विद्वान का वीडियो दिखाया, वोट जिहाद का जिक्र
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को पुणे में एक चुनावी रैली में इस्लामिक विद्वान सज्जाद नोमानी का वीडियो दिखाकर 'वोट जिहाद' का मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि यह कहा जा रहा है कि जो व्यक्ति भाजपा को वोट देता है, उसे बहिष्कृत कर दिया जाना चाहिए। फडणवीस ने कहा, 'अगर ये लोग वोट जिहाद करने की कोशिश कर रहे हैं, अगर वे कह रहे हैं कि वे वोट जिहाद के जरिये सरकार को अस्थिर कर देंगे, तो आपको भी वोटों का धर्मयुद्ध करना होगा।' उन्होंने महाविकास आघाडी (एमवीए) पर कटाक्ष करते हुए कहा, 'अगर ये लोग सपना देखते हैं कि वे छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि पर एक समुदाय के वोटों की मदद से सत्ता में आएंगे, तो आपको भी युद्ध के मैदान में आना होगा।' वहीं, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पूछा कि क्या फडणवीस द्वारा किया गया 'वोटों के धर्मयुद्ध' का आह्वान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन नहीं है।
गठबंधन सहयोगी के साथ मिलकर चलाएंगे सरकार: हिमंत बिस्वा सरमा
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के सह-प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, छत्तीसगढ़ में हम 300 रुपये में धान खरीदते हैं...यह भाजपा के सुशासन का मॉडल है। उन्होंने सहयोगी दल- AJSU का जिक्र कर कहा, उनके पास शासन का अनुभव है। हम उनसे सीखेंगे और वे भी हमसे सीखेंगे। हम मिलकर सरकार बहुत अच्छे से चलाएंगे।
नागपुर में 14.5 करोड़ रुपये का सोना जब्त
महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बीच शनिवार को निर्वाचन अधिकारियों ने नागपुर में 14.5 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया। एक अधिकारी ने बताया कि आभूषणों और अन्य रूप में सोना गुजरात की कंपनी सीक्वल लॉजिस्टिक्स द्वारा ले जाया जा रहा था, तभी उड़नदस्ता ने उसे पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि मामले में जांच जारी है। महाराष्ट्र में 15 अक्तूबर से आदर्श आचार संहिता लागू है। विधानसभा चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
कन्हैया कुमार ने भाजपा पर लगाया विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने शनिवार को भाजपा पर आरोप लगाया कि वह 'विभाजनकारी' राजनीति कर रही है। कन्हैया ने कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने एनसीपी का नाम और चुनाव चिह्न चुराया है, लेकिन उनकी राजनीतिक घड़ी अब काम नहीं कर रही। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अजित पवार की राजनीति अब अनिश्चितता से भरी हुई है। मुंब्रा में एक रैली को संबोधित करते हुए कन्हैया कुमार ने कहा कि भाजपा का शासन अराजकता फैलाने और लोगों को भ्रमित करने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने महाराष्ट्र के लोगों से अपील की कि वे धर्मनिरपेक्षता और अखंडता के लिए वोट दें। कन्हैया ने यह भी आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार सिर्फ कॉर्पोरेट्स और उद्योगपतियों पर ध्यान दे रही है, जबकि किसान आत्महत्या कर रहे हैं और आम नागरिक बढ़ती कीमतों और बेरोजगारी से परेशान हैं।
महाराष्ट्र के ठाणे में शनिवार रात शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे की रैली में उस समय अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई, जब कार्यक्रम समाप्त होने वाला था और अस्थायी मंच हिलने लगा। ऐसा लग रहा था कि मंच गिर जाएगा, लेकिन कोई अप्रिय घटना नहीं घटी और पूर्व मुख्यमंत्री को उनके अंगरक्षकों और पार्टी पदाधिकारियों ने मंच से सुरक्षित उतार लिया। यह रैली शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार राजन विचारे के समर्थन में आयोजित की गई थी, जो 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में ठाणे शहर सीट से लड़ रहे हैं। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।