फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Election ›   Here are the Union Ministers contesting lok sabha election phase one

Lok Sabha Poll: पहले चरण में मोदी सरकार के मंत्रियों की सीटों पर कैसी रही वोटिंग? जानें कहां सबसे ज्यादा मतदान

Fri, 19 Apr 2024 07:58 PM IST
शिवेंद्र तिवारी स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Fri, 19 Apr 2024 07:58 PM IST
विज्ञापन
सार
Loksabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के पहले चरण में आज मतदान हुआ। इस चरण में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश की 102 सीटों के लिए वोट डाले गए। इसके साथ ही कुल 1625 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। इन उम्मीदवारों में कई केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं।  
loader
Here are the Union Ministers contesting lok sabha election phase one
लोकसभा चुनाव 2024 - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान खत्म हो गया। शाम पांच बजे तक 102 सीटों पर कुल 59.7% मतदान दर्ज किया गया है। आंकड़े देखें तो सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल की जलपाईगुड़ी सीट पर 79.33% वोटिंग हुई है। वहीं बिहार के नवादा में सबसे कम 40.2% लोगों ने वोटिंग की है।


पहले चरण में नौ केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत भी दांव पर लगी है। इन मंत्रियों में नागपुर से चुनाव लड़ रहे सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, अलवर से चुनाव मैदान में उतरे पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, डिब्रूगढ़ सीट से मैदान में उतरे आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, अरुणाचल पश्चिम में चुनाव लड़ रहे पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रिजिजू, राजस्थान की बीकानेर लोकसभा सीट से किस्मत आजमा रहे कानून राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, जम्मू कश्मीर की उधमपुर सीट से चुनाव लड़ रहे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री संजीव बालियान, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते और गृह राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक शामिल हैं। 


मंत्रियों की सीटों के आंकड़े देखें तो गृह राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक की सीट कूचबिहार पर सबसे ज्यादा 77.73% मतदान हुआ है। वहीं, नितिन गडकरी की सीट नागपुर पर सबसे कम 47.91% वोटिंग हुई है।

आइये विस्तार से जानते हैं सभी केंद्रीय मंत्रियों की सीटों के बारे में…

मंत्री सीट शाम पांच बजे तक मतदान%
निसिथ प्रमाणिक कूचबिहार 77.73
सर्बानंद सोनोवाल डिब्रूगढ़ 70.65
जितेंद्र सिंह उधमपुर 65.08
किरेन रिजिजू अरुणाचल पश्चिम 64.48
फग्गन सिंह कुलस्ते मंडला 56.74
संजीव बालियान मुजफ्फरनगर 54.91
भूपेंद्र यादव अलवर 53.31
अर्जुन राम मेघवाल बीकानेर 48.87
नितिन गडकरी नागपुर 47.91

लोकसभा चुनाव 2024
लोकसभा चुनाव 2024 - फोटो : AMAR UJALA
नितिन गडकरी: केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी अपनी परंपरागत नागपुर सीट से एक बार फिर से चुनाव मैदान में हैं। गडकरी 2019 में यहां से जीते थे। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस के विकास ठाकरे से है। शाम पांच बजे तक यहां 47.91% मतदान हुआ है। 2019 में नागपुर लोकसभा सीट पर 54.94% मतदान हुआ था।

किरेन रिजिजू: मोदी सरकार के एक और मंत्री किरेन रिजिजू एक बार फिर से अरुणाचल पश्चिम सीट से चुनाव मैदान में हैं। रिजिजू 2019 में भी यहां से जीते थे। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री नबाम तुकी है। शाम पांच बजे तक यहां 64.48% मतदान हुआ है। 2019 में अरुणाचल पश्चिम सीट पर 78.50% मतदान हुआ था। 

सर्बानंद सोनोवाल: असम के पूर्व मुख्यमंत्री सोवोनाल डिब्रूगढ़ सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं। वह मोदी सरकार में आयुष मंत्री हैं। 2019 में डिब्रूगढ़ से भाजपा के रामेस्वर तेली जीते थे। 2024 चुनाव में सर्बानंद सोनोवाल का मुकाबला लुरीनज्योति गोगोई से होगा जो कांग्रेस के सहयोगी दल एजेपी के उम्मीदवार हैं। शाम पांच बजे तक यहां 70.65% मतदान हुआ है। पिछले लोकसभा चुनाव में डिब्रूगढ़ सीट पर 81.9% लोगों ने वोटिंग की थी। 

जितेंद्र सिंह: केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह एक बार फिर जम्मू कश्मीर की उधमपुर सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं। 2019 में यहां से जितेंद्र सिंह ही जीते थे। उनके सामने इस बार कांग्रेस से चौधरी लाल सिंह हैं। शाम पांच बजे तक यहां 65.08% मतदान हुआ है। पिछले चुनाव में उधमपुर सीट पर 79.7% लोगों ने वोटिंग की थी। 

अर्जुन राम मेघवाल: केंद्रीय कानून मंत्री मेघवाल बीकानेर से भाजपा के उम्मीदवार हैं। बीकानेर में पिछली बार अर्जुन राम मेघवाल को जीत मिली थी। इस बार भाजपा उम्मीदवार के सामने कांग्रेस के गोविंद राम मेघवाल से हैं। शाम पांच बजे तक यहां 48.87% मतदान हुआ है। 2019 में इस सीट पर 62.1% लोगों ने मतदान किया था। 

संजीव बालियान: केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान यूपी की मुजफ्फरनगर सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं। 2019 के चुनाव में भाजपा के टिकट पर बालियान सांसद निर्वाचित हुए थे। इस बार उनके सामने सपा से हरेंद्र मलिक और बसपा से दारा सिंह प्रजापति हैं। शाम पांच बजे तक यहां 54.91% मतदान हुआ है। पिछले चुनाव में मुजफ्फरनगर सीट पर 70.7% वोटिंग दर्ज की गई थी।

फग्गन सिंह कुलस्ते: केंद्रीय मंत्री कुलस्ते मध्य प्रदेश की मंडला सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं। 2019 साल यहां से फग्गन सिंह कुलस्ते जीते थे। इस बार उनके सामने ओंकार सिंह मरकाम कांग्रेस का चेहरा हैं। शाम पांच बजे तक यहां 56.74% मतदान हुआ है। 2019 में इस सीट पर 81.5% लोगों ने मतदान किया था। 

भूपेंद्र यादव: केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव राजस्थान की अलवर सीट से अपना भाग्य आजमा रहे हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में यहां से भाजपा के बाबा बालकनाथ जीतकर सांसद बने थे। बाबा बालकनाथ अब राजस्थान विधानसभा में विधायक हैं। 2024 के चुनाव में भूपेंद्र यादव का मुकाबला कांग्रेस के ललित यादव से है। शाम पांच बजे तक यहां 53.31% मतदान हुआ है। 2019 में अलवर सीट पर 61.7% लोगों ने अपने मताधिकार इस्तेमाल किया था।

निसिथ प्रमाणिक: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री पश्चिम बंगाल की कूचबिहार सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं। 2019 में यहां भाजपा से निसिथ प्रमाणिक को जीत मिली थी। इस बार उनके सामने टीएमसी से जगदीश चंद्र बसुरिया और कांग्रेस से पिया रॉय चौधरी हैं। शाम पांच बजे तक यहां 77.73% मतदान हुआ है। 2019 में कूचबिहार सीट पर 91.2% लोगों ने वोटिंग की थी। 
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed