Tamil Nadu: लोकसभा चुनाव के लिए प्लान तैयार, 9 सीटों पर लड़ेगी कांग्रेस, कितनी सीटों पर लड़ेगी डीएमके? जानें
Tamil Nadu: तमिलनाडु में लोकसभा चुनाव को लेकर डीएमके और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर आपसी सहमति बन गई है। दो या तीन दिन में प्रत्याशियों के नामों का एलान हो जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लोकसभा चुनाव के लिए तमिलनाडु में कांग्रेस और डीएमके के बीच सीटों के बंटवारे पर सहमति बन गई है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार डीएमके ने सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया है। यह तय हो गया है कि तमिलनाडु में डीएमके 21 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी जबकि कांग्रेस नौ लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा कांग्रेस पुडुचेरी की एक लोकसभा सीट पर अपना उम्मीदवार उतारेगी।
इन सीटों पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
तमिलनाडु में कांग्रेस 9 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कृष्णागिरी, तिरुवल्लूर, कुड्डालोर, करूर, शिवगंगा, मायलादुथुराई, तिरुनेलवेली, विरुधुनगर और कन्याकुमारी लोकसभा सीटों पर कांग्रेस अपने प्रत्याशी उतारेगी।
आईयूएमएल, एमडीएमके और केएमडीके (डीएमके सिंबल) को एक-एक लोकसभा सीट दी गई है। इसके अलावा सीपीएम, वीसीके, सीपीआई को दो-दो सीटें मिली हैं।
दो तीन दिन में घोषित होंगे प्रत्याशी
सीट बंटवारे पर सहमति बनने के बाद डीएमके अध्यक्ष एम के स्टालिन और तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सेल्वापेरुन्थागै के बीच एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। सेल्वापेरुन्थागै ने कहा कि दो या तीन दिन में कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम सामने आ जाएंगे। इसके अलावा डीएमके में भी प्रत्याशियों के नाम तय करने के लिए मंथन चल रहा है।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि तमिलनाडु में नौ लोकसभा सीटों और पुडुचेरी में एक सीट पर पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी। बाकी सीटों पर हम डीएमके और गठबंधन के उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे।
तमिलनाडु में पहले चरण में मतदान
इस बार लोकसभा चुनाव में तमिलनाडु में पहले चरण यानी 19 अप्रैल को मतदान होना है। यहां 39 सीटों पर एक साथ एक ही दिन वोटिंग होगी। चुनाव के लिए तमिलनाडु में 20 मार्च को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 27 मार्च है। प्रदेश में कुल 6.18 करोड़ मतदाता हैं। इसमें से 3.14 करोड़ महिला मतदाता और 3.03 करोड़ पुरुष मतदाता शामिल हैं।
साल 2019 में डीएमके ने मारी बाजी
2019 में तमिलनाडु की 39 लोकसभा सीटों पर चुनाव हुए। इस दौरान डीएमके ने 24 सीटों पर जीत हासिल की थी। इसके अलावा कांग्रेस ने आठ, सीपीआई और सीपीआई (एम) ने दो-दो, एआईएडीएमके, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और वीसीके ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की थी।