Tamil Nadu: लोकसभा चुनाव के लिए AIADMK का घोषणापत्र जारी, गरीब महिलाओं को हर महीने तीन हजार रुपये देने का एलान
Tamil Nadu: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए एआईएडीएमके ने अपने घोषणापत्र में गरीब परिवारों की महिला मुखियाओं को हर महीने तीन हजार रुपये देने का एलान किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देशभर में लोकसभा चुनाव की बयार चल रही है। सभी पार्टियां अपने घोषणापत्र से मतदाताओं का ध्यान अपनी तरफ खींचने में जुटी हैं। इस बीच तमिलनाडु में एआईएडीएमके ने आम चुनाव 2024 के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया है। इसमें महिलाओं के अधिकारों को बढ़ाने, हाईवे पर टोल बूथ हटाने, पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देने, नीट परीक्षा को खत्म करने और चेन्नई में सुप्रीम कोर्ट की शाखा खोलने समेत कई बिंदुओं को शामिल किया गया है।
आईएएडीएमके के घोषणापत्र की प्रमुख बातें
- गरीब परिवारों की मुखिया महिलाओं को हर महीने तीन हजार रुपये दते हुए महिला कल्याण को प्राथमिकता दी जाएगी।
- सुप्रीम कोर्ट की एक शाखा चेन्नई में स्थापित करने का प्रयास
- केंद्र सरकार से अदालतों में मुकदमे की भाषा को तमिल बनाने का आग्रह किया जाएगा।
- संसद का शीतकालीन सत्र नई दिल्ली की जगह चेन्नई में आयोजित करने का आग्रह किया जाएगा।
- घोषणापत्र में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को खत्म करने पर जोर दिया गया है। नीट की जगह 12वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेडिकल कॉलेज में प्रवेश देने की बात लिखी गई है।
- जीवन रक्षक दवाओं की कीमत कम करने का प्रयास किया जाएगा।
- कृषि उत्पादों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी
- किसानों के लिए पेंशन योजना की शुरूआत की जाएगी।
- कोयंबटूर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण और एम्स अस्पताल की स्थापना होगी।
- घोषणापत्र में इस बात पर जोर दिया गया है कि पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया जाएगा
- हाइवे पर टोल बूथ पूरी तरह से हटा दिए जाएंगे।
- OBC में क्रीमीलेयर की सीमा को 8 लाख से 12 लाख किया जाएगा।
- भारत में शरणार्थी के रूप में रह रहे श्रीलंकाई तमिलों के लिए दोहरी नागरिकता का प्रावधान किया जाएगा।
डीएमडीके ने किया प्रत्याशियों का एलान
तमिलनाडु में डीएमडीके ने एआईएडीएमके के साथ गठबंधन किया है। दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे को लेकर डील पहले ही फाइनल हो चुकी है। अब डीएमडीके ने पांच लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर ली है। तंजावुर, विरुधुनगर, तिरुवल्लूर, सेंट्रल चेन्नई और कुड्डालोर सीटों पर डीएमडीके उम्मीदवारों का एलान किया गया है। दिवंगत कैप्टन विजयकांत के बेटे विजय प्रभाकरन विरुधुनगर सीट से चुनाव लड़ेंगे।
तमिलनाडु में पहले चरण में मतदान
इस बार लोकसभा चुनाव में तमिलनाडु में पहले चरण यानी 19 अप्रैल को मतदान होना है। यहां 39 सीटों पर एक साथ एक ही दिन वोटिंग होगी। चुनाव के लिए तमिलनाडु में 20 मार्च को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 27 मार्च है। प्रदेश में कुल 6.18 करोड़ मतदाता हैं। इसमें से 3.14 करोड़ महिला मतदाता और 3.03 करोड़ पुरुष मतदाता शामिल हैं।
साल 2019 में डीएमके ने मारी बाजी
2019 में तमिलनाडु की 39 लोकसभा सीटों पर चुनाव हुए। इस दौरान डीएमके ने 24 सीटों पर जीत हासिल की थी। इसके अलावा कांग्रेस ने आठ, सीपीआई और सीपीआई (एम) ने दो-दो, एआईएडीएमके, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और वीसीके ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की थी।