Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Election ›   Samajwadi Party Manifesto 2027 vs 2022: What Has Changed in Akhilesh Yadav Promises Let's look at in detail

वचन पत्र vs प्रण पत्र: 2022 में 10 लाख, अब 25 लाख सरकारी नौकरियों की बात; पांच साल में कितने बदले सपा के वादे?

Thu, 26 Nov 2026 06:36 PM IST
अमन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: अमन तिवारी Updated Thu, 26 Nov 2026 06:36 PM IST
सार

समाजवादी पार्टी के 2027 के घोषणा पत्र में रोजगार, शिक्षा, किसान कल्याण और सामाजिक न्याय पर जोर दिया गया है। पार्टी ने पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियों, बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को पांच हजार रुपये मासिक भत्ते और किसानों को मुफ्त खाद देने का वादा किया है। आइए, जानते हैं कि 2022 की तुलना में 2027 में पार्टी के घोषणा पत्र में क्या बदलाव हुआ।

विज्ञापन
Samajwadi Party Manifesto 2027 vs 2022: What Has Changed in Akhilesh Yadav Promises Let's look at in detail
जारी हुआ सपा के घोषणापत्र - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पारा चढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी (सपा) ने संविधान दिवस यानी 26 नवंबर को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया। पार्टी ने इसे 'सत्ताइस का संकल्प : PDA का प्रणपत्र' और 'जन-मन का मैनिफेस्टो 2027' नाम दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस दस्तावेज के जरिए युवाओं, किसानों, महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों को साधने की कोशिश की है।
विज्ञापन


खास बात यह है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने 'समाजवादी वचन पत्र' के जरिए रोजगार, किसानों की कर्जमाफी, मुफ्त बिजली, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी थी। अब पांच साल बाद जारी नए घोषणा पत्र में कई पुराने वादों को नए स्वरूप और बड़े लक्ष्यों के साथ दोहराया गया है। वहीं, कुछ नई घोषणाएं भी शामिल की गई हैं। युवाओं को नौकरी नहीं मिलने तक पांच हजार रुपये मासिक भत्ता देने, पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने और छोटे किसानों को खाद मुफ्त देने जैसे वादे इसमें खास हैं। आइए समझते हैं कि 2022 के मुकाबले सपा का घोषणा पत्र कितना बदला है और किन मुद्दों पर पार्टी ने अपना फोकस बढ़ाया है।
विज्ञापन
Trending Videos

युवा-रोजगार:
2022 के चुनावी घोषणापत्र में सरकार बनने पर पांच साल में 10 लाख सरकारी नौकरी और एक करोड़ निजी नौकरियों का सृजन करने का वादा किया गया था। इसके अलावा शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम लाने, कौशल विकास केंद्र खोलने और बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर देने की बात कही गई थी।

2027 के प्रणपत्र में सपा ने पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और दो से तीन करोड़ युवाओं को गैर-सरकारी क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने का वादा किया है। इसके साथ ही कहा गया है कि प्रत्येक ग्रेजुएट छात्र को नौकरी या रोजगार दिलाने के लिए प्रयास किया जाएगा। जब तक उसे नौकरी नहीं मिलती, तब तक पांच हजार रुपये प्रतिमाह पोषण भत्ता दिया जाएगा। हर साल पांच लाख युवाओं को कौशल विकास केंद्रों के माध्यम से प्रशिक्षण देने, तहसील स्तर पर करियर परामर्श केंद्र खोलने और सालाना 20 लाख युवाओं का कौशल विकास करने का वादा किया गया है। सरकारी भर्तियों को लेकर भी पार्टी ने वार्षिक कैलेंडर बनाने, पेपर लीक रोकने और परीक्षाओं के परिणाम समय पर घोषित करने की बात कही है।

विज्ञापन

Samajwadi Party Manifesto 2027 vs 2022: What Has Changed in Akhilesh Yadav Promises Let's look at in detail
जारी हुआ सपा के घोषणापत्र - फोटो : अमर उजाला
शिक्षा:
शिक्षा के क्षेत्र में सपा के दोनों घोषणा पत्रों में कई समानताएं हैं। 2022 में पार्टी ने 12वीं पास करने वाले सभी छात्रों को लैपटॉप देने, छात्राओं को साइकिल और टेबल लैंप उपलब्ध कराने, छात्रावास बनाने और शिक्षा पर राज्य के बजट का लगभग छह प्रतिशत खर्च करने का वादा किया था।

2027 के घोषणा पत्र में भी लैपटॉप योजना को फिर से लागू करने की बात कही गई है। इस बार 12वीं पास छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देने का वादा किया गया है। इसके अलावा पार्टी ने वर्तमान सरकार द्वारा बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा संचालित करने, प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में वाई-फाई की सुविधा देने और शिक्षा पर GSDP का छह प्रतिशत खर्च करने की बात कही है।

शिक्षा मित्रों को नियमित करने के लिए विशेष अभियान चलाने और तब तक उनके मानदेय में पांच हजार रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी करने की बात भी कही गई है। वहीं, सरकारी शिक्षा व्यवस्था में सभी रिक्त पदों पर एक साल के भीतर नियुक्तियां करने और संविदा नियुक्तियां बंद करने का वादा किया गया है।
विज्ञापन

किसान और कृषि:
2022 के घोषणा पत्र में कृषि ऋण राहत अधिनियम के तहत किसान आयोग गठित कर वर्ष 2025 तक सभी किसानों को कर्जमुक्त करने का लक्ष्य रखा था। स्वामीनाथन फॉर्मूले (C2+50%) के अनुसार दूध समेत सभी फसलों पर MSP देने और आलू के लिए मूल्य क्षतिपूर्ति तंत्र बनाने का वादा किया गया था।

गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाकर 15 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही गई थी। किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली, शून्य प्रतिशत ब्याज पर लोन और 18 हजार रुपये सालाना किसान पेंशन देने की घोषणा भी की गई थी। इसके अलावा दो एकड़ से कम जमीन वाले लघु एवं सीमांत किसानों को दो बोरी DAP और पांच बोरी यूरिया मुफ्त देने की योजना शामिल थी।

2027 के घोषणा पत्र में किसानों के लिए सभी 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने का वादा किया गया है। आलू, टमाटर और प्याज जैसी गैर-MSP फसलों के लिए राज्य सरकार की ओर से मूल्य क्षतिपूर्ति व्यवस्था लागू करने की बात कही गई है।

इस बार किसानों की तत्काल कर्जमाफी की घोषणा भी की गई है। गन्ना भुगतान के लिए कॉर्पस फंड बढ़ाकर 15 हजार करोड़ रुपये करने और भुगतान की समयसीमा 24 घंटे करने का वादा किया गया है। जो पिछले घोषणा पत्र में 15 दिन थी।  ग्रामीण बुनियादी ढांचे के लिए 1.5 लाख करोड़ रुपये का बजट प्रावधान भी जोड़ा गया है। किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने के साथ ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा की गई है।

सामाजिक न्याय:
2022 में सपा ने जातिगत जनगणना कराने, सामाजिक न्याय आयोग बनाने, दलितों और पिछड़ों के लिए आरक्षण प्रभावी तरीके से लागू करने तथा सरकारी सेवाओं में बैकलॉग पदों को भरने का वादा किया था।

2027 के घोषणा पत्र में भी जातिगत जनगणना कराने का संकल्प दोहराया गया है। पार्टी का कहना है कि इससे अलग-अलग जातियों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का पता चलेगा और उसी के अनुसार उनके विकास की योजनाएं बनाई जा सकेंगी।

इसके अलावा निजी शिक्षण संस्थानों में आरक्षण के तहत प्रवेश पाने वाले पिछड़े, दलित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों की फीस सरकार द्वारा संस्थानों को देने का वादा किया गया है। सरकारी ठेकों और लाभार्थी योजनाओं में गरीब और शोषित वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने की बात भी कही गई है। साथ ही अनुसूचित जनजातियों के लिए बोर्ड बनाने और दलित उद्यमियों को प्रोत्साहित करने का वादा किया गया है।

महिलाओं के लिए क्या बदला?:
2022 के वचन पत्र बीपीएल परिवार की महिलाओं को 18 हजार रुपये सालाना समाजवादी पेंशन, गर्भवती महिलाओं को 15 हजार रुपये की सहायता और विधवा, दिव्यांग व अनाथ लड़कियों की शादी के लिए दो लाख रुपये तथा एक मकान देने का वादा किया गया था। इसके अलावा छात्राओं को 12वीं पास करने पर 36 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता, महिलाओं के लिए आरक्षण और कौशल विकास की योजनाओं की घोषणा की गई थी।

वहीं, 2027 के घोषणा पत्र में महिलाओं के सम्मान, समान अधिकार और विशेष अवसरों की बात कही गई है। बुजुर्ग महिला कारीगरों को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन देने का वादा किया गया है। सपा प्रमुख ने घोषणा पत्र जारी करने के दौरान यह भी कहा- महिला सशक्तीकरण के लिए विस्तृत घोषणा पत्र जल्द ही जारी किया जाएगा।

स्वास्थ्य:
2022 में सपा ने गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा, डेढ़ लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को मुफ्त प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल और सभी जिला अस्पतालों की सुविधाएं बेहतर करने का वादा किया था।

2027 में बीपीएल परिवारों को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने और सरकारी अस्पतालों में PDA तथा गरीब नागरिकों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने की बात कही गई है। इसके अलावा सभी 18 मंडलों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने, सभी जिला अस्पतालों को ICU और वेंटिलेटर से लैस करने तथा 108 और 102 एंबुलेंस नेटवर्क को आधुनिक बनाने का वादा किया गया है।

Samajwadi Party Manifesto 2027 vs 2022: What Has Changed in Akhilesh Yadav Promises Let's look at in detail
सपा के घोषणापत्र में क्या? - फोटो : अमर उजाला
कानून-व्यवस्था:
2022 के वचन पत्र में सपा ने राज्य में मजबूत और उत्तरदायी पुलिस व्यवस्था विकसित करने का वादा किया था। इसके लिए पुलिस बल में खाली पदों को एक साल के भीतर भरने, महिलाओं की भर्ती के लिए विशेष अभियान चलाने और पुलिस थानों की सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात कही गई थी।

2022 में सपा ने सभी गांवों और शहरों में सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन सर्विलांस सिस्टम स्थापित करने, यूपी-100/112 को तकनीक से अपग्रेड करने और रिस्पांस टाइम 15 मिनट से कम करने का वादा किया गया था। महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए स्पेशल वुमेन सेल और 1090 वुमेन पावर लाइन को मजबूत करने का वादा किया गया था।

2027 के घोषणापत्र में सपा ने कानून-व्यवस्था के लिए 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाने की बात कही है। पार्टी ने महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ संगठित अपराध और हेट क्राइम पर सख्त कार्रवाई का वादा किया है। इसके साथ ही साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए सभी जिलों में साइबर यूनिट स्थापित करने और माफिया व गुंडों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष STF बनाने की घोषणा की है।

पुलिस व्यवस्था में AI आधारित व्यवस्था लागू करने, प्रमुख शहरों में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए AI तकनीक का इस्तेमाल करने और गांवों व प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा व ड्रोन निगरानी की व्यवस्था करने का वादा किया गया है। पुलिस में महिलाओं की नई भर्तियों में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने, खाली पद तत्काल भरने, पुलिसकर्मियों के लिए साप्ताहिक छुट्टी और वर्क-लाइफ बैलेंस की व्यवस्था करने की बात भी कही गई है। इसके अलावा 1090 और डायल-112 को मजबूत करने का वादा दोहराया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed