UP Board: पांच वर्षों में सबसे कम छात्रों ने छोड़ी परीक्षा, 94.44% रही उपस्थिति; मूल्यांकन जल्द होगा शुरू
UP Board 2025: हाईस्कूल की परीक्षा के लिए पंजीकृत 27,32,216 अभ्यर्थियों में से 25,56,992 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और इंटर में पंजीकृत 27,05,017 विद्यार्थियों में से 25,77,733 विद्यार्थी उपस्थित रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Board 2025: यूपी बोर्ड की परीक्षा इस बार विद्यार्थियों की उपस्थिति के लिहाज से भी खास रही। समय से पहले हेल्प डेस्क की स्थापना व विद्यार्थियों की समस्याओं का समय से निदान का नतीजा है कि 2025 की यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में 94.44 फीसदी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जो पिछले पांच वर्षों में सर्वाधिक है। इस बार हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा के लिए कुल 54,37,233 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 51,34,725 (94.44%) उपस्थित और 3,02,508 (5.56 फीसदी) अनुपस्थित रहे।
हाईस्कूल की परीक्षा के लिए पंजीकृत 27,32,216 अभ्यर्थियों में से 25,56,992 परीक्षार्थी (93.58 फीसदी) उपस्थित रहे और 1,75, 224 विद्यार्थियों (6.42 फीसदी) ने परीक्षा छोड़ी दी। जबकि इंटर में पंजीकृत 27,05,017 विद्यार्थियों में से 25,77,733 विद्यार्थी (95.29 फीसदी) उपस्थित रहे और 1,27,284 (4.71 फीसदी) अनुपस्थित रहे।
पिछले साल वर्ष 2024 की हाईस्कूल व इंटर के लिए पंजीकृत 55,25,342 विद्यार्थियों में से 3,23,166 (5.84 फीसदी) गैरहाजिर थे। 2023 की बोर्ड परीक्षा में पंजीकृत 58,84,634 विद्यार्थियों में से 4,50,012 (7.64 फीसदी) ने परीक्षा छोड़ दी थी। वर्ष 2022 की बोर्ड परीक्षा में 51,92,616 विद्यार्थियों में से 4,34,404 (8.36 फीसदी) गैरहाजिर थे। 2021 में कोरोना के कारण बोर्ड परीक्षा नहीं हुई थी, जबकि वर्ष 2020 की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा के लिए पंजीकृत 56,10,819 विद्यार्थियों में से 3,53,684 (6.30 फीसदी) अनुपस्थित थे।
सुरक्षा के बीच मूल्यांकन केंद्रों में कॉपियां भेजने की प्रक्रिया शुरू
यूपी बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन 19 मार्च से दो अप्रैल तक प्रदेश के 261 केंद्रों में किया जाएगा। इसके लिए कॉपियों को संकलन केंद्र से मूल्यांकन केंद्र तक पहुंचाने की प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू कर दी गई। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने कॉपियों को मूल्यांकन केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए कई दिशानिर्देश जारी किए हैं। सभी उत्तर पुस्तिकाएं 18 मार्च तक मूल्यांकन केंद्रों को अनिवार्य रूप से प्राप्त करा दी जाएंगी। गोपनीयता के मद्देनजर इसके लिए विश्वसनीय अध्यापकों/कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
स्ट्रॉन्ग रूम की सभी चाभियां केंद्र व्यवस्थापक को सौंपने के निर्देश
परीक्षा केंद्रों पर स्थापित स्ट्रॉन्ग रूम में अतिरिक्त प्रश्नपत्रों के सेट रखने के लिए चौथी अलमारी के एक लॉक की एक चाभी केंद्र व्यवस्थापक, दूसरी स्टेटिक मजिस्ट्रेट और दूसरे लॉक की चाभी थानाध्यक्ष व उनकी ओर से नामित सब इंस्पेक्टर की अभिरक्षा में रखने की व्यवस्था की गई थी। यूपी बोर्ड के सचिव ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा की समाप्ति के बाद बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट व थानाध्यक्ष व उनकी ओर से नामित सब इंस्पेक्टर की अभिरक्षा में स्ट्रॉन्ग रूम में रखी प्रत्येक अलमारी की चाभियों को संबंधित परीक्षा केंद्र के व्यवस्थापक की अभिरक्षा में सौंप दिया जाए।
बंद कंटेनर वाले ट्रकों से कॉपियां भेजने पर जोर
सचिव ने निर्देश दिए है कि उत्तर पुस्तिकाओं को यथासंभव बंद कंटेनर वाले ट्रकों से भेजा जाए। बिना कंटेनर वाले ट्रक को त्रिपाल से अच्छी तरह से ढककर बांध दिया जाए। ट्रकों पर 'ऑन गवर्नमेंट ड्यूटी' लिखा कागज चस्पा किया जाए। उत्तर पुस्तिकाएं ले जाने वाले ट्रकों को रास्ते में कहीं रोका न जाए। इसके लिए परिषद कार्यालय की ओर से निर्गत प्रमाण-पत्र साथ रखा जाए। प्रत्येक ट्रक के साथ न्यूनतम एक अध्यापक, एक लिपिक, दो सशस्त्र पुलिस बल व दो परिचालक अनिवार्य रूप से रहें।
कमेंट
कमेंट X