University Of York: यूके की यूनिवर्सिटी ऑफ यॉर्क मुंबई में खोलेगी नया कैंपस; 2026 में शुरू होगा पहला बैच
University Of York: यूनिवर्सिटी ऑफ यॉर्क 2026 में मुंबई में नया कैंपस खोलेगी। इसमें AI, साइबर सुरक्षा, बिजनेस व क्रिएटिव इंडस्ट्रीज में पढ़ाई होगी। यह कदम भारत-यूके शिक्षा सहयोग को मजबूत करेगा और भारतीय छात्रों को ग्लोबल शिक्षा देगा।
विस्तार
University Of York: यूनाइटेड किंगडम (UK) की जानी-मानी यूनिवर्सिटी ऑफ यॉर्क, जो रिसर्च के क्षेत्र में अग्रणी और रसेल ग्रुप की सदस्य है, अब भारत में अपना नया कैंपस खोलने जा रही है। यह कैंपस मुंबई में स्थापित किया जाएगा और इसमें पहले छात्रों का बैच 2026 में आएगा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यूनिवर्सिटी के कुलपति चार्ली जेफरी ने मुंबई में चल रहे WAVES सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस योजना पर चर्चा की है। इसके अलावा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के साथ एक औपचारिक समझौता (MoU) भी किया गया है, जिससे इस कैंपस की स्थापना का रास्ता साफ हुआ है।
छात्रों को मिलेंगे रोजगार के अच्छे अवसर
इस प्रस्तावित कैंपस में अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट कोर्सेज कराए जाएंगे। इनमें कंप्यूटर साइंस (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सुरक्षा के साथ), बिजनेस, इकनॉमिक्स और क्रिएटिव इंडस्ट्रीज जैसे विषय शामिल होंगे। ये कोर्सेज उद्योग विशेषज्ञों के इनपुट के साथ बनाए जाएंगे, जिससे छात्रों को रोजगार के अच्छे अवसर मिलेंगे।
जेफरी ने कहा, "यॉर्क यूनिवर्सिटी की पहचान बेहतरीन पढ़ाई और रिसर्च के लिए है। यह यूके की उन चार यूनिवर्सिटीज में से एक है- ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज और इम्पीरियल कॉलेज लंदन के साथ- जो यूके में रिसर्च की गुणवत्ता में टॉप 10 में है और जिसे टीचिंग क्वालिटी के लिए गोल्ड रैंकिंग मिली है।"
उन्होंने यह भी कहा कि, "हमारी रिसर्च ताकत भारत की प्राथमिकताओं से मेल खाती है, खासकर डिजिटल टेक्नोलॉजी, क्रिएटिव इंडस्ट्रीज और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के वास्तविक उपयोग के क्षेत्रों में। हम भारत में छात्रों का स्वागत करने और नए रिसर्च अवसर बनाने के लिए उत्साहित हैं।"
विकसित किया जाएगा अत्याधुनिक कैंपस
शुरुआत में यूनिवर्सिटी का कैंपस मुंबई के एक प्रमुख बिज़नेस जिले में खुलेगा और आने वाले वर्षों में एक अत्याधुनिक परिसर विकसित किया जाएगा। यहां पढ़ाई का स्तर यूनिवर्सिटी ऑफ यॉर्क की ही तरह होगा और डिग्री भी वहीं की मिलेगी। इससे भारत के छात्रों को विश्व स्तरीय शिक्षा अपने ही देश में मिल सकेगी।
2023 में यूजीसी (UGC) ने भारत में विदेशी उच्च शिक्षा संस्थानों के कैंपस खोलने और उन्हें संचालित करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए थे।
साउथैम्प्टन यूनिवर्सिटी (UK) भी इस साल भारत में अपना कैंपस खोलने की प्रक्रिया में है। ऑस्ट्रेलिया की दो यूनिवर्सिटीज- डीकिन और वोलोंगोंग, पहले ही गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (GIFT City) में अपने कैंपस खोल चुकी हैं।
इसके अलावा, क्वीन्स यूनिवर्सिटी बेलफास्ट और कोवेंट्री यूनिवर्सिटी को भी GIFT सिटी में कैंपस खोलने की मंजूरी मिल चुकी है। हालांकि, अभी तक कोई भी अमेरिकी यूनिवर्सिटी ने भारत में अपना कैंपस नहीं खोला है।
कमेंट
कमेंट X