School Closed: जयपुर में भारी बारिश का कहर, 25-26 अगस्त को सभी स्कूल-आंगनवाड़ी बंद; प्रशासन ने जारी किया आदेश
School Closed in Jaipur: जयपुर में भारी बारिश और मौसम विभाग के रेड अलर्ट के चलते जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 25 और 26 अगस्त को सभी सरकारी-निजी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। हालांकि छुट्टी सिर्फ छात्रों के लिए होगी, स्टाफ को सामान्य रूप से कार्य करना होगा।
विस्तार
Jaipur Schools Closed Due to Heavy Rainfall: राजस्थान की राजधानी जयपुर में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारतीय मौसम विभाग ने जयपुर जिले में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद जिला कलेक्टर ने आदेश जारी कर दिया है। आदेश के मुताबिक 25 और 26 अगस्त 2025 को सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी रहेगी।
किन्हें मिलेगी छुट्टी?
जारी आदेश के अनुसार, प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के छात्रों को इन दो दिनों की छुट्टी मिलेगी। आंगनवाड़ी केंद्र भी इस दौरान बंद रहेंगे। हालांकि, आदेश में साफ किया गया है कि यह छुट्टी केवल छात्रों के लिए होगी।
शिक्षकों और स्टाफ को करना होगा काम
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि छुट्टी केवल छात्रों को दी जाएगी। शिक्षक और स्कूल स्टाफ (शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक) को सामान्य दिनों की तरह स्कूल आना होगा। यानी, इस दौरान पढ़ाई-लिखाई तो नहीं होगी लेकिन प्रशासनिक और अन्य कार्य नियमित चलते रहेंगे।
आदेश का सख्ती से पालन जरूरी
जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने सभी संस्थानों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 (Disaster Management Act 2005) के तहत कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा को दी प्राथमिकता
प्रशासन ने कहा है कि भारी बारिश के दौरान बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। आदेश की प्रतियां सभी संबंधित विभागों और शिक्षा अधिकारियों को भेज दी गई हैं ताकि निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। छुट्टियों के बाद मौसम की स्थिति की समीक्षा की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर आगे के फैसले लिए जाएंगे।
कमेंट
कमेंट X