खुशखबर: इन लोगों को 28 दिनों के अंतराल में लगेगी कोविशील्ड की दोनों खुराक, स्वास्थ्य मंत्रालय ने किया फैसला
12 से 16 सप्ताह यानी कोविशील्ड के दोनों खुराक के बीच 84 दिनों के अंतराल को कम किया जाएगा। अब विशेष श्रेणियों को 28 दिनों बाद लगेगी दूसरी खुराक।
विस्तार
विदेश में पढ़ाई करने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर! केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (एमओएचएफडब्ल्यू) ने कल कोविशील्ड वैक्सीन की दूसरी खुराक के लिए समय अवधि में छूट देने का निर्णय लिया है। आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अधिसूचना के मुताबिक स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शिक्षा के लिए विदेश यात्रा करने वाले छात्रों सहित कुछ विशिष्ट श्रेणियों को छूट प्रदान करने का फैसला लिया है।
सरकार ने जारी की एसओपी
वास्तव में, ऐसी विशेष श्रेणियों (छात्रों, ओलंपिक के लिए जाने वाले एथलीट) के लिए 12 से 16 सप्ताह यानी दोनों खुराक के बीच 84 दिनों के अंतराल को कम किया जाएगा। सरकार ने कोविड-19 वैक्सीन की दूसरी खुराक देने के लिए एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) भी जारी की है।
इन्हें मिलेगी विशेष छुट
मंत्रालय के अनुसार, यह विशेष छूट, शिक्षा के प्रयोजनों के लिए विदेश की यात्रा करने वाले छात्रों, नौकरी के लिए विदेश जाने वाले व्यक्तियों और टोक्यो में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक खेलों में भाग लेने वाले भारतीय दल के एथलीट, खिलाड़ियों और साथ के कर्मचारियों को दी जाएगी।
कोविन सिस्टम को किया जाएगा अपग्रेड
यह सुविधा ऐसे सभी छात्रों के लिए उपलब्ध है, जिन्हें इस साल 31 अगस्त तक निर्दिष्ट उद्देश्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय यात्रा करनी है। साथ ही, इन असाधारण मामलों को समायोजित करने के लिए कोविन सिस्टम को भी अपग्रेड किया जाएगा।
28 दिनों के बाद लगेगी दूसरी खुराक
दिशा-निर्देशों के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी द्वारा सत्यता की जांच करने के बाद दूसरी खुराक के लिए अनुमति दी जाएगी। साथ ही, अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कोविशील्ड की पहली खुराक के न्यूनतम 28 दिनों बाद ही दूसरी खुराक लगे।
कमेंट
कमेंट X