दिल्ली विश्वविद्यालय: यूजी-पीजी सेमेस्टर परीक्षा का फॉर्म भरने की समयसीमा बढ़ी, अब इस तारीख तक कर सकेंगे आवेदन
- डीयू की यूजी-पीजी सेमेस्ट परीक्षा का फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 19 नवंबर 2026 तक बढ़ा दी गई है।
- विलंब शुल्क के साथ आवेदन 25 नवंबर 2026 तक किया जा सकता है।
- परीक्षा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अभी लाखों छात्रों का कॉलेज वेरिफिकेशन लंबित है और हजारों ने फॉर्म अधूरा छोड़ा है।
विस्तार
दिल्ली विश्वविद्यालय में दिसंबर में होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए पंजीकरण फॉर्म भरने से चूके छात्रों के पास अब भी परीक्षा में बैठने का मौका है। दरअसल, परीक्षा शाखा ने फॉर्म भरने की अंतिम तिथि को बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी 19 नवंबर तक फॉर्म भर सकते हैं।
इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 15 नवंबर निर्धारित की गई थी। वहीं, लेट फीस के साथ आवेदन करने की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर 25 नवंबर कर दी गई है। पहले इसके लिए 22 नवंबर तक का समय दिया गया था।
विश्वविद्यालय के इस फैसले से उन छात्रों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश निर्धारित समय तक अपना परीक्षा फॉर्म नहीं भर पाए थे। खासकर ऐसे छात्र, जिन्हें आवेदन प्रक्रिया पूरी करने या कॉलेज से फॉर्म सत्यापित कराने में देरी हो रही थी, उन्हें अब अतिरिक्त समय मिल सकेगा।
अब तक 2.55 लाख पंजीकरण
विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार,
- 16 नवंबर 2026 तक कुल 2,55,243 छात्रों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
- इनमें से 83,302 छात्रों के आवेदन कॉलेज की ओर से सत्यापित किए जा चुके हैं, जबकि 1,61,774 छात्रों के आवेदन का सत्यापन अभी लंबित है।
- इसके अलावा 9,990 छात्र ऐसे हैं, जिन्होंने रजिस्ट्रेशन तो कराया है लेकिन परीक्षा फॉर्म पूरा नहीं भरा है।
आंकड़े बताते हैं कि बड़ी संख्या में छात्रों को अभी आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी बाकी है। ऐसे विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे जल्द से जल्द फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियां भरकर आवेदन पूरा करें। मालूम हो कि अब भी काफी विद्यार्थी समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण करने में आ रही दिक्कत के कारण फॉर्म नहीं भर सके हैं।
कॉलेज वेरिफिकेशन भी जरूरी
परीक्षा फॉर्म भरने के बाद कॉलेज स्तर पर आवेदन का सत्यापन भी महत्वपूर्ण है। केवल रजिस्ट्रेशन कराने से प्रक्रिया पूरी नहीं मानी जाएगी, छात्रों को आवेदन का स्टेटस नियमित रूप से चेक करना चाहिए और यदि वेरिफिकेशन लंबित है तो संबंधित कॉलेज से संपर्क करना चाहिए।
आवेदन पूरा करने के बाद उसकी स्थिति जरूर जांच लें, ताकि परीक्षा से संबंधित किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके। मालूम हो कि डीयू में पहले, तीसरे, पांचवें व सातवें सेमेस्टर की परीक्षाओं की शुरुआत 4 दिसंबर से होने जा रही है।

कमेंट
कमेंट X