क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग्स 2027: दुनिया की 'टिकाऊ' यूनिवर्सिटीज की लिस्ट जारी, भारत में कौन रहा सबसे आगे?
क्यूएस की टिकाऊ विकास रैंकिंग 2027 में भारत के 99 उच्च शिक्षण संस्थान शामिल हुए हैं। आईआईटी दिल्ली देश में पहले स्थान पर है, जबकि 13 भारतीय संस्थानों ने दुनिया के शीर्ष 500 में जगह बनाई है।
विस्तार
वैश्विक उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भारतीय संस्थानों ने एक बार फिर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। जारी हुई क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली ने देश में पहला स्थान हासिल किया है। संस्थान को वैश्विक स्तर पर 194वीं रैंक मिली है। इसके बाद आईआईटी खड़गपुर और दिल्ली विश्वविद्यालय का स्थान है।
इस वर्ष की रैंकिंग में भारत के कुल 99 संस्थानों को जगह मिली है। हालांकि, पिछले साल के मुकाबले यह संख्या कम है। वर्ष 2026 में भारत के 103 संस्थान इस सूची में शामिल थे। इसके बावजूद शीर्ष पांच सबसे अधिक प्रतिनिधित्व वाले उच्च शिक्षा तंत्रों में भारत ने इस वर्ष सबसे अधिक सुधार दर्ज किया है।
देश के शीर्ष संस्थानों की वैश्विक रैंक क्या है?
रैंकिंग में भारतीय संस्थानों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा है:
| भारतीय संस्थान | वैश्विक रैंक | भारत में स्थान |
|---|---|---|
| आईआईटी दिल्ली | 194 | पहला |
| आईआईटी खड़गपुर | 224 | दूसरा |
| दिल्ली विश्वविद्यालय | 237 | तीसरा |
इसके अलावा, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। वर्ष 2023 के बाद पहली बार जेएनयू ने दुनिया के शीर्ष 500 संस्थानों की सूची में वापसी की है।
वैश्विक रैंकिंग में भारत की स्थिति क्या है?
क्यूएस की रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष सबसे अधिक संस्थानों की भागीदारी वाले देशों में अमेरिका पहले स्थान पर है। इसके बाद चीन और ब्रिटेन का स्थान है। भारत के कुल 99 संस्थान रैंकिंग में शामिल हुए हैं।
| देश | रैंकिंग में शामिल संस्थान |
|---|---|
| अमेरिका | 214 |
| मुख्यभूमि चीन | 149 |
| ब्रिटेन | 105 |
| भारत | 99 |
ब्रिटेन के संस्थानों की संख्या भी पिछले साल के 109 से घटकर 105 रह गई है। वहीं, भारत के संस्थानों की संख्या 2026 के 103 से घटकर 99 हो गई है।
शीर्ष 1,000 और शीर्ष 500 में भारत की कितनी हिस्सेदारी है?
दुनिया के शीर्ष 1,000 संस्थानों में भारत के 42 विश्वविद्यालय शामिल हैं। इस मामले में भारत मुख्यभूमि चीन के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर है। शीर्ष 1,000 में देशों की स्थिति इस प्रकार है:
- अमेरिका के 128 संस्थान
- ब्रिटेन के 84 संस्थान
- भारत और चीन के 42-42 संस्थान
शीर्ष 500 की सूची में भारत के 13 संस्थानों ने जगह बनाई है। इस तरह भारत उन 10 उच्च शिक्षा तंत्रों में शामिल है, जिनके सबसे अधिक संस्थान इस सूची में हैं। जापान के भी 13 संस्थान शीर्ष 500 में शामिल हैं।
कितने भारतीय संस्थानों की रैंकिंग में सुधार हुआ?
रिपोर्ट के अनुसार, भारत के 99 संस्थानों में से आठ ने पहली बार इस वर्ष रैंकिंग में प्रवेश किया है। पिछले वर्ष भी सूची में शामिल रहे संस्थानों के प्रदर्शन का ब्योरा इस प्रकार है:
- 38 संस्थानों की रैंकिंग में सुधार हुआ
- 19 संस्थानों की स्थिति पहले जैसी रही
- 34 संस्थानों की रैंकिंग में गिरावट आई
- 8 संस्थानों ने पहली बार सूची में जगह बनाई
इन आंकड़ों के आधार पर भारत ने कुल मिलाकर 4 प्रतिशत का सुधार दर्ज किया है। क्यूएस रिपोर्ट के अनुसार, शीर्ष पांच सबसे अधिक प्रतिनिधित्व वाले उच्च शिक्षा तंत्रों में भारत इस वर्ष सबसे अधिक सुधार करने वाला देश रहा है।
शीर्ष 500 में भारतीय संस्थानों की संख्या कैसे बढ़ी?
भारत के उच्च शिक्षण संस्थानों की शीर्ष 500 में मौजूदगी पिछले कुछ वर्षों में लगातार बढ़ी है।
| वर्ष | शीर्ष 500 में भारतीय संस्थान |
|---|---|
| 2023 | 5 |
| 2024 | 9 |
| 2025 | 11 |
| 2026 | 12 |
| 2027 | 13 |
इससे पता चलता है कि वर्ष 2023 की पहली रैंकिंग के बाद से शीर्ष 500 में भारतीय संस्थानों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर इस उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि वैश्विक टिकाऊ विकास रैंकिंग में भारत की प्रगति दिखाती है कि देश के उच्च शिक्षण संस्थान बेहतर और टिकाऊ भविष्य के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
क्या है क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग?
क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन केवल उनकी शैक्षणिक प्रतिष्ठा के आधार पर नहीं किया जाता। इसमें यह भी देखा जाता है कि संस्थान पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक प्रभाव और पारदर्शी प्रशासन से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने में कितना योगदान दे रहे हैं। इस रैंकिंग के प्रमुख आधार हैं:
- पर्यावरणीय प्रभाव: पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास की दिशा में विश्वविद्यालयों का योगदान।
- सामाजिक प्रभाव: समाज और लोगों के जीवन पर संस्थानों का सकारात्मक प्रभाव।
- सुशासन: संस्थानों के प्रशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े पहलू।
इस तरह यह रैंकिंग बताती है कि उच्च शिक्षण संस्थान शिक्षा और शोध के साथ-साथ पर्यावरण तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियां किस हद तक निभा रहे हैं।

कमेंट
कमेंट X