NEET PG 2024: नीट पीजी मॉक टेस्ट के लिए सक्रिय हुआ लिंक, अभी करें अपनी तैयारी का मूल्यांकन
NEET PG 2024 Mock Test: राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड ने नीट पीजी परीक्षा के आवेदकों के लिए मॉक टेस्ट लिंक सक्रिय कर दिया है। पंजीकृत छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसमें शामिल हो सकते हैं।
विस्तार
NEET PG 2024: राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीई) ने आज, 14 जून को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातकोत्तर (NEET PG 2024) के लिए मॉक टेस्ट लिंक सक्रिय कर दिया है। मॉक टेस्ट की मदद से छात्र अपनी अब तक की तैयारी का मूल्यांकन कर सकते हैं। जिन उम्मीदवारों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण किया है, वे आधिकारिक वेबसाइट nbe.edu.in पर जाकर नीट पीजी मॉक टेस्ट दे सकते हैं।
नीट पीजी मॉक टेस्ट तक पहुंचने के लिए, उम्मीदवारों को अपने आवेदन संख्या और पासवर्ड के साथ लॉगिन करना होगा। लॉगिन करने के बाद उम्मीदवार अपनी तैयारी का मूल्यांकन करने के लिए मॉक टेस्ट में शामिल हो सकते हैं।
23 जून को होगी परीक्षा
परीक्षा 23 जून को देश भर के विभिन्न केंद्रों पर ऑनलाइन आयोजित होने वाली है, जिसके लिए एडमिट कार्ड 18 जून को जारी किया जाएगा। नीट पीडी का परिणाम 15 जुलाई को घोषित होने की उम्मीद है।
नीट पीजी परीक्षा पैटर्न
नीट पीजी परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड में ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। परीक्षा का माध्यम केवल अंग्रेजी है। नीट पीजी परीक्षा को 3 खंडों में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक खंड के लिए अनुभागीय समय होगा। परीक्षा की अवधि 3 घंटे 30 मिनट है, जिसमें उम्मीदवारों को 800 अंको के 200 बहुविकल्पीय प्रश्न करने होंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 4 अंक मिलेंगे और गलत उत्तर के लिए 1 अंक काटा जाएगा।
नीट पीजी के बारे में
नीट पीजी परीक्षा 13,886 मास्टर ऑफ सर्जरी (MS), 26,699 डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (MD) और 922 पीजी डिप्लोमा सीटों पर प्रवेश के लिए आयोजित की जाएगी। नीट पीजी परीक्षा, मेडिकल पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए एकल विंडो के रूप में कार्य करता है। भारतीय चिकित्सा परिषद अधिनियम के अनुसार, एमएस, एमडी और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कोई अन्य प्रवेश परीक्षा मान्य नहीं मानी जाती है। सफल उम्मीदवारों को सरकारी और निजी दोनों संस्थानों सहित 350 से अधिक मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश मिलेगा।
कमेंट
कमेंट X