JOSAA Counselling: आईआईटी में फाइनल प्रवेश के लिए रिपोर्टिंग प्रक्रिया शुरू, दाखिले से चूके तो ये हैं विकल्प
JOSAA Counselling: जोसा काउंसलिंग के उपरांत जिन विद्यार्थियों को आईआईटी का आवंटन हुआ है, उन्हें अब आवंटित आईआईटी की वेबसाइट पर प्रवेश के लिए आवश्यक दस्तावेजों की संपूर्ण जानकारी प्राप्त करनी होगी और शेष फीस जमा करनी होगी।
विस्तार
JOSAA Counselling 2022: देश के टॉप इंजीनियरिंग शिक्षा संस्थान आईआईटी, एनआईटी एवं ट्रिपल आईटी में दाखिलों के लिए जोसा काउंसलिंग 2022 के संपन्न होने के पश्चात अब विद्यार्थियों में अपने आवंटित संस्थानों में प्रवेश के लिए रिपोर्टिंग करनी होगी। इसके लिए विद्यार्थी आवंटित कॉलेजों की वेबसाइट पर फाइनल प्रवेश के लिए जानकारी जुटा रहे हैं। ऐसे में जोसा काउंसलिंग के उपरांत जिन विद्यार्थियों को आईआईटी का आवंटन हुआ है, उन्हें अब आवंटित आईआईटी की वेबसाइट पर प्रवेश के लिए आवश्यक दस्तावेजों की संपूर्ण जानकारी प्राप्त करनी होगी और शेष फीस जमा करनी होगी।
रिपोर्टिंग, ओरिएंटेशन एवं क्लासेज की तिथियां अलग-अलग
आईआईटी में प्रवेश के लिए रिपोर्टिंग तिथियां प्रत्येक आईआईटी की वेबसाइट पर जारी की जा रही है। विद्यार्थी आईआईटी की वेबसाइट पर दी गई जानकारियों में एडमिशन लिंक पर जाकर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं। विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आवंटित आईआईटी की वेबसाइट पर दी गई जानकारी को भली-भांति पढ़ें, क्योंकि हर आईआईटी द्वारा रिपोर्टिंग, ओरिएंटेशन एवं क्लासेज शुरू करने की तिथियां अलग-अलग दी हुई हैं।
एनआईटी सिस्टम से आवंटित कॉलेज में जमा करनी होगी फीस
इंजीनियरिंग करिअर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि अतिरिक्त एनआईटी, ट्रिपल आईटी आवंटित विद्यार्थियों को सर्वप्रथम 19 से 21 अक्तूबर के मध्य आंशिक प्रवेश शुल्क जमा करवाना होगा, जो कि सामान्य व ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस के लिए 40 हजार एवं एससी-एसटी के लिए 20 हजार रुपये रखा गया है। यह आंशिक प्रवेश शुल्क का भुगतान कर ही विद्यार्थी जोसा काउंसलिंग में आवंटित एनआईटी सिस्टम के कॉलेजों में प्रवेश ले सकते हैं। जो विद्यार्थी एनआईटी सिस्टम से आवंटित अपने कॉलेज से संतुष्ट हैं, उन्हें एनआईटी, ट्रिपल आईटी में फाइनल प्रवेश के लिए प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी करनी होगी। विद्यार्थियों द्वारा काउंसलिंग के दौरान जमा करवाई गई सीट असेप्टेंस फीस उनके प्रवेश के दौरान शेष कॉलेज की फीस में समायोजित कर ली जाएगी।
खाली सीटों के लिए सीएसएबी काउंसलिंग के दिशा-निर्देश जारी
आहूजा ने बताया कि वे विद्यार्थी जो अपने एनआईटी सिस्टम से आवंटित सीट से संतुष्ट नहीं हैं और खाली सीटों के लिए करवाई जा रही सीएसएबी काउंसलिंग में भाग लेना चाहते हैं, वे अपनी आंशिक प्रवेश फीस जमा कर अपनी आवंटित सीट सुरक्षित कर सीएसएबी काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऐसे विद्यार्थी जो जोसा काउंसलिंग में अपनी आवंटित सीट से संतुष्ट नहीं है, वे भी अपनी आवंटित सीट को विड्रॉल एवं कैंसिल कर भी सीएसएबी काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। इन विद्यार्थियों को भी पार्टिसिपेशन फीस तीन हजार रुपये ही जमा करानी होगी।
जोसा में नहीं मिली सीट तो सीएसएबी काउंसलिंग में लें भाग
इसके विपरीत वे विद्यार्थी, जिन्हें जोसा काउंसलिंग में किसी भी सीट का आवंटन नहीं हुआ है, उन्हें सीएसएबी काउंसलिंग में भाग लेने के लिए पूरी पार्टिसिपेशन फीस जमा करानी होगी। जोकि सामान्य,ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस के लिए 38 हजार रुपये एवं एससी-एसटी के लिए 18 हजार रुपये रखी गई है। इन सभी विद्यार्थियों को सीएसएबी काउंसलिंग में पुनः सारे कॉलेज ब्रांच की च्वॉइसेज भरने का विकल्प मिलेगा।
कमेंट
कमेंट X