JNUSU Election 2025: जेएनयू छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन आज से, संगठनों के बीच प्रत्याशी चयन को लेकर गहमागहमी
JNUSU Election 2025: जेएनयू छात्रसंघ चुनाव 2025 के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। प्रत्याशी चयन को लेकर छात्र संगठनों में गहमागहमी तेज है। आइसा की ओर से अध्यक्ष पद के लिए नीतीश कुमार के नाम की चर्चा जोरों पर है।
विस्तार
JNU Student Union Election 2025: दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्रसंघ चुनाव के लिए उम्मीदवार मंगलवार (15 अप्रैल) से नामांकन कर सकेंगे। सोमवार दोपहर दो बजे से नामांकन फॉर्म जारी होने की प्रक्रिया शुरू हो गई। उम्मीदवार मंगलवार सुबह साढ़े नौ से शाम पांच बजे तक नामांकन कर सकेंगे। वैध नामांकन की सूची बुधवार सुबह दस बजे प्रदर्शित की जाएगी। उसी दिन दोपहर 12 से दो के बीच नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। दोपहर तीन बजे उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
वामपंथी एकता और प्रत्याशी चयन पर विचार-विमर्श
उम्मीदवारों के चयन को लेकर सभी छात्र संगठनों के बीच मंथन जारी है। किसी ने अभी तक उम्मीदवार को लेकर सार्वजनिक घोषणा नहीं की है। सूत्रों के मुताबिक अध्यक्ष पद पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) नीतीश कुमार को मैदान में उतारने की तैयारी में है। एबीवीपी को मात देने के लिए पिछली बार की तरह इस वर्ष भी वामपंथी संगठनों के बीच गठबंधन को लेकर प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
अन्य संगठनों की भी जोरदार तैयारी
आइसा, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) सहित अन्य संगठनों के बीच गठबंधन हो सकता है। इसके अलावा बिरसा अंबेडकर फुले स्टूडेंट्स एसोसिएशन (बापसा) सहित कई दूसरे संगठन भी मैदान में हैं।
कुल मतदाता 7906, महिलाओं की हिस्सेदारी 43 फीसदी
इस बार जेएनयू चुनाव में कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 7906 है, जिनमें महिला मतदाता 43% और पुरुष मतदाता 57% हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन और चुनाव समिति चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाए रखने की दिशा में तैयारी में जुटे हैं।
25 अप्रैल को होगा छात्र संघ चुनाव
23 अप्रैल को रात आठ बजे से प्रेसिडेंशियल डिबेट होगी। 24 अप्रैल को कोई चुनाव प्रचार नहीं होगा। छात्र संघ चुनाव 25 अप्रैल को अलग-अलग दो पाली में होगा। पहले पाली में सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर ढाई बजे से लेकर शाम साढ़े पांच बजे तक चुनाव होगा। मतगणना 25 अप्रैल को रात नौ बजे से शुरू होगी और 28 अप्रैल को परिणाम जारी किए जाएंगे।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार छात्र संघ चुनाव करीब एक महीने की देरी से आयोजित हो रहा है। पिछले वर्ष मार्च महीने में चुनाव हुए थे। इस बार 25 अप्रैल को मतदान होगा। चुनाव में देरी को लेकर छात्र संघ ने काफी विरोध भी दर्ज कराया था। इसके बाद प्रशासन ने चुनाव के संबंध में अधिसूचना जारी की थी।
पिछले वर्ष के चुनाव
पिछले साल जेएनयूएसयू चुनाव चार साल के अंतराल के बाद 22 मार्च को हुए थे और यूनाइटेड लेफ्ट गठबंधन ने चार केंद्रीय पैनल पदों में से तीन पर जीत हासिल की थी। बिरसा अंबेडकर फुले छात्र संघ (BAPSA) ने शेष पद हासिल किए थे। धनंजय अध्यक्ष, अविजीत घोष उपाध्यक्ष, प्रियांशी आर्य महासचिव और मो साजिद संयुक्त सचिव चुने गए थे।
कमेंट
कमेंट X