JNUSU Election 2025: जेएनयू छात्र संघ चुनाव के लिए 7906 मतदाता पंजीकृत, 43 फीसदी महिला करेगी मत का इस्तेमाल
JNUSU Election: जेएनयू छात्रसंघ चुनाव 25 अप्रैल को होगा और अंतिम परिणाम 28 अप्रैल को आएगा। इस बार पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 7906 है। इसमें महिला मतदाता 43 फीसदी और पुरुष मतदाता 57 फीसदी है।
विस्तार
JNU Student Union Election 2025: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्रसंघ चुनाव को लेकर रविवार को चुनाव समिति ने संभावित मतदाताओं की सूची जारी कर दी है। चुनाव समिति के अध्यक्ष विकास के अनुसार मतदान के लिए पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 7906 है। इसमें महिला मतदाता 43 फीसदी और पुरुष मतदाता 57 फीसदी है।
सूची में सुधार की प्रक्रिया सोमवार से होगी शुरु
मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी। सुबह नौ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक मतदाता सूची में सुधार करवा सकेंगे। इसी के साथ सोमवार से चुनाव के लिए नामांकन फॉर्म भी जारी किए जाएंगे। चुनाव को लेकर छात्र संगठनों ने भी तैयारी शुरू कर दी है। चुनाव के संबंध में 17 और 21 अप्रैल को स्कूल जनरल बॉडी मीटिंग का आयोजन किया जाएगा। जबकि 22 अप्रैल को यूनिवर्सिटी जनरल बॉडी मीटिंग आयोजित होगी।
25 अप्रैल को होगा छात्र संघ चुनाव
23 अप्रैल को रात आठ बजे से प्रेसिडेंशियल डिबेट होगी। 24 अप्रैल को कोई चुनाव प्रचार नहीं होगा। छात्र संघ चुनाव 25 अप्रैल को अलग-अलग दो पाली में होगा। पहले पाली में सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर ढाई बजे से लेकर शाम साढ़े पांच बजे तक चुनाव होगा। मतगणना 25 अप्रैल को रात नौ बजे से शुरू होगी और 28 अप्रैल को परिणाम जारी किए जाएंगे।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार छात्र संघ चुनाव करीब एक महीने की देरी से आयोजित हो रहा है। पिछले वर्ष मार्च महीने में चुनाव हुए थे। इस बार 25 अप्रैल को मतदान होगा। चुनाव में देरी को लेकर छात्र संघ ने काफी विरोध भी दर्ज कराया था। इसके बाद प्रशासन ने चुनाव के संबंध में अधिसूचना जारी की थी।
पिछले वर्ष के चुनाव
पिछले साल जेएनयूएसयू चुनाव चार साल के अंतराल के बाद 22 मार्च को हुए थे और यूनाइटेड लेफ्ट गठबंधन ने चार केंद्रीय पैनल पदों में से तीन पर जीत हासिल की थी। बिरसा अंबेडकर फुले छात्र संघ (BAPSA) ने शेष पद हासिल किए थे। धनंजय अध्यक्ष, अविजीत घोष उपाध्यक्ष, प्रियांशी आर्य महासचिव और मो साजिद संयुक्त सचिव चुने गए थे।
कमेंट
कमेंट X