सात दिन में घोषित हुआ जेईई मेन रिजल्ट, पंद्रह छात्रों को मिले सौ पर्सेंटाइल
- एनटीए ने सात दिन में जारी किया रिजल्ट
- कानपुर के नमन गुप्ता, गोरखपुर के हिमांशु गौरव सिंह व पटियाला के जयेश सिंगला को मिले सौ पर्सेंटाइल
- पहली बार राज्यों के टॉपर की सूची में 45 छात्र
- जेईई मेन परीक्षा का दूसरा चरण 6 से 20 अप्रैल को होगा आयोजित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंजीनियरिंग कॅालेजों में दाखिले के लिए पहली बार कंप्यूटर आधारित जेईई मेन परीक्षा का रिजल्ट घोषित हो गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार को परीक्षा के महज सात दिन बाद ही नतीजे जारी कर दिए हैं। पंद्रह छात्रों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल किया है। एनटीए ने पहली बार स्टेट टॉपर की सूची भी जारी की है। कानपुर (यूपी) के नमन गुप्ता व गोरखपुर के हिमांशु गौरव सिंह और पंजाब में पटियाला के जयेश सिंगला ने सौ पर्सेंटाइल हासिल किए हैं। परीक्षा में 9,29,198 छात्रों ने पंजीकरण करवाया था। जबकि 8,74,469 छात्रों ने इसमें भाग लिया था।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के महानिदेशक विनीत जोशी के मुताबिक, जेईई मेन परीक्षा का पहला राउंड आठ जनवरी से 12 जनवरी को आयोजित किया गया था। इसी के तहत नतीजे जारी किए गए हैं। बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग और बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर के लिए जेईई मेन की परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें पेपर एक इंजीनियरिंग और पेपर दो बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर में दाखिले का था। पेपर एक के तहत जेईई मेन का रिजल्ट घोषित किया गया है। जबकि पेपर दो की जांच के बाद 31 जनवरी से पहले रिजल्ट घोषित किया जाएगा। जेईई मेन परीक्षा का पेपर 360 अंकों का था। गौरतलब है कि परीक्षा के लिए 258 शहरों में 467 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
जेईई मेन स्टेट टॉपर की सूची भी जारी
एनटीए प्रबंधन ने पहली बार जेईई मेन परीक्षा में राज्यों के टॉपर की सूची भी जारी की है। इसमें चंडीगढ़ के दिशांक जिंदल, दिल्ली के नवनीत जिंदल, हरियाणा के आशुतोष सिंगला, हिमाचल प्रदेश के सार्थक गुप्ता, जम्मू कश्मीर के अमन यादव, पंजाब के जयेश सिंगला, उत्तराखंड के पल्लव सिंवाल और उत्तरप्रदेश के नमन गुप्ता और हिमांशु गौरव सिंह संयुक्त रूप से टॉपर रहे हैं। जबकि नेपाल, भूटान के विदेशी छात्र वर्ग में अन्नया व अमन चिराला का नाम शामिल है। इस सूची में महाराष्ट्र, तेलंगाना, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के दो से अधिक स्टेट टॉपर भी हैं। एनटीए ने स्टेट टॉपर की सूची में 45 छात्रों का नाम शामिल किया है।
बेहतर स्कोर पाने वाले अब बोर्ड व जेईई एडवांस पर करें फोकस
एनटीए प्रबंधन के मुताबिक, जेईई मेन परीक्षा का दूसरा राउंड 6 से 20 अप्रैल तक आयोजित होगा। उत्तीर्ण अभ्यर्थी जनवरी के बाद अब अप्रैल में आयोजित होने वाली परीक्षा में भी भाग ले सकते हैं। केंद्र सरकार ने 2018 में जेईई मेन के नियमों में बदलाव किया है। इसके तहत जेईई मेन वर्ष में एक बार आयोजित करने की बजाय दो बार की जाएगी। मेन परीक्षा का पहला राउंड जनवरी और दूसरा अप्रैल में आयोजित होगा। एनटीए अप्रैल में दोनों स्कोर की सूची जारी करेगा। परीक्षा के बेस्ट स्कोर के आधार पर छात्र को दाखिला मिलेगा। हालांकि जिन छात्रों का जनवरी में आयोजित परीक्षा में स्कोर अच्छा रहा है, उन्हें अब बोर्ड परीक्षा के साथ-साथ जेईई एडवांस परीक्षा की तैयारी पर ध्यान देना चाहिए।
जेईई मेन की पहली कंप्यूटर आधारित परीक्षा में पंद्रह छात्रों को सौ पर्सेंटाइल मिलने पर बधाई देता हूं। इसके अलावा पहली बार स्टेट टॉपर्स की सूची भी जारी की गई है, ताकि राज्य के आधार पर होनहार छात्रों को सम्मान मिल सकें। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी बधाई की पात्र है कि पहली कंप्यूटर आधारित व फुलप्रूफ परीक्षा का नतीजा महज 7 दिन में जारी किया। - प्रकाश जावडेकर, मानव संसाधन विकास मंत्री
कमेंट
कमेंट X