JEE Advanced 2025: जेईई एडवांस्ड के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बेहद नजदीक, तुरंत इस लिंक से भर दें फॉर्म
JEE Advanced 2025 Registration: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर कल 2 मई को जेईई एडवांस्ड के लिए आवेदन की कल अंतिम तिथि है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
विस्तार
JEE Advanced 2025: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर कल 2 मई 2025 को JEE एडवांस्ड 2025 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को बंद कर देगा। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे आधिकारिक वेबसाइट (jeeadv.ac.in) पर जाकर जल्द से जल्द आवेदन कर लें। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 5 मई 2025 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस्ड 2025 का आयोजन 18 मई 2025 को किया जाएगा। परीक्षा में दो पेपर होंगे- पेपर 1 सुबह 9:00 बजे से 12:00 बजे तक और पेपर 2 दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक, जिनमें उपस्थित होना सभी उम्मीदवारों के लिए अनिवार्य है। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 11 मई 2025 को जारी किया जाएगा। प्रोविजनल उत्तर कुंजी 26 मई को सुबह 10 बजे तक जारी की जा सकती है, जबकि फाइनल उत्तर कुंजी और रिजल्ट 2 जून 2025 को घोषित होने की संभावना है।
कौन कर सकता है आवेदन?
इसके लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 2024 या 2025 में पहली बार कक्षा 12वीं (या समकक्ष) की परीक्षा में भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित अनिवार्य विषयों के साथ उपस्थित होना चाहिए।
आवेदकों का जन्म 1 अक्तूबर 2000 को या उसके बाद हुआ होना चाहिए। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग उम्मीदवारों को आयु में पांच वर्ष की छूट दी जाती है, यानी इन उम्मीदवारों का जन्म 1 अक्तूबर 1995 को या उसके बाद हुआ होना चाहिए।
भारतीय और विदेशी उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क
जेईई एडवांस्ड 2025 के लिए भारतीय नागरिकों के शुल्क की बात करें तो महिला उम्मीदवारों (सभी श्रेणियों), एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों, और ओसीआई/पीआईओ (आई) श्रेणी के महिला एवं सामान्य-दिव्यांग उम्मीदवारों से 1600 रुपये शुल्क लिया जाएगा। वहीं, सामान्य श्रेणी के ओपन और ओसीआई/पीआईओ (आई) श्रेणी के ओपन उम्मीदवारों से 3200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
विदेशी नागरिकों के लिए शुल्क उनकी निवास स्थिति के आधार पर अलग-अलग है। सार्क देशों में रहने वाले विदेशी उम्मीदवारों से 100 अमेरिकी डॉलर, जबकि गैर-सार्क देशों में रहने वाले विदेशी उम्मीदवारों से 200 अमेरिकी डॉलर शुल्क लिया जाएगा। यह शुल्क संरचना सभी उम्मीदवारों के लिए आवेदन के समय अनिवार्य रूप से लागू होती है।
ऐसे करें आवेदन
- सबसे पहले आप आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाएं।
- अब होमपेज पर, जेईई एडवांस्ड 2025 लिंक पर क्लिक करें
- आवेदन करने के लिए रजिस्टर करें और लॉगिन करें।
- फॉर्म भरकर आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म जमा कर दें।
- अंत में भविष्य के संदर्भ के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट ले लें।
कमेंट
कमेंट X