इसरो: जीआईएस के क्षेत्र में रुचि रखने वाले छात्र इस कोर्स में हो सकते हैं शामिल, 11 अक्तूबर तक करें आवेदन
इसरो के आईआईआरएस ने जीआईएस में रुचि रखने वाले छात्रों, शोधार्थियों और प्रोफेशनल्स के लिए ऑनलाइन कोर्स शुरू किया है। 11 अक्तूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
विस्तार
भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) सीखने के इच्छुक छात्रों, शोधार्थियों और पेशेवरों के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के भारतीय सुदूर संवेदन संस्थान (आईआईआरएस), देहरादून ने 'भौगोलिक सूचना प्रणाली का अवलोकन' नाम से नया ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। इस कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को जीआईएस की बुनियादी समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा। इसमें लाइव इंटरैक्टिव कक्षाओं, रिकॉर्डेड लेक्चर, सवाल पूछने की सुविधा और मेरिट सर्टिफिकेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। खास बात यह है कि यह प्रशिक्षण इसरो के आईआईआरएस द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिससे प्रतिभागियों को संस्थान के विशेषज्ञों से जीआईएस सीखने का अवसर मिलेगा।
लाइव और ऑफलाइन क्लास
प्रशिक्षण आईआईआरएस-इसरो की तय समय-सारणी के अनुसार लाइव और इंटरैक्टिव ऑनलाइन सत्रों के माध्यम से आयोजित किया जाएगा। सभी सत्रों को बाद में ऑफलाइन देखने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। सामान्य रूप से प्रतिभागियों को अपने नोडल सेंटर के माध्यम से समूह बनाकर कक्षाओं में शामिल होना होगा। हालांकि, समन्वयक की अनुमति मिलने पर वे अपने ई-क्लास लॉगिन के जरिये व्यक्तिगत रूप से भी लाइव सत्र में शामिल हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में लाइव सत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी के आधार पर उपस्थिति स्वतः दर्ज की जाएगी। इसके अलावा, प्रत्येक लाइव कक्षा 24 घंटे बाद ई-क्लास प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी।
परीक्षा व सर्टिफिकेट के नियम
कोर्स पूरा करने के लिए प्रतिभागियों की कम से कम 70 प्रतिशत उपस्थिति जरूरी होगी। निर्धारित उपस्थिति पूरी करने के बाद ही वे ऑनलाइन परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। परीक्षा की तारीख आईआईआरएस-इसरो की ओर से बाद में घोषित की जाएगी। परीक्षा में कम से कम 50 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले प्रतिभागियों को इसरो की ओर से योग्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। योग्य प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र संबंधित नोडल सेंटर के समन्वयक के माध्यम से वितरित किए जाएंगे।
आवेदन प्रक्रिया
इसरो का यह कोर्स 12 अक्तूबर से छह नवंबर, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इच्छुक प्रतिभागी isrolms.iirs.gov.in/edusatregistration/ पर जाकर 11 अक्तूबर, 2026 की रात 12 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आईआईआरएस डीएलएस नोडल सेंटर के माध्यम से आवेदन करने वाले प्रतिभागियों के पंजीकरण के लिए संबंधित समन्वयक की मंजूरी जरूरी है। आवेदन की स्थिति आईआईआरएस के रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर देखी जा सकती है। यदि आवेदन मंजूरी के लिए लंबित है, तो प्रतिभागी नोडल सेंटर के समन्वयक से संपर्क कर सकते हैं या आवेदन का तरीका 'नोडल सेंटर' से बदलकर 'व्यक्तिगत' कर सकते हैं। मंजूरी मिलने के बाद ई-क्लास प्लेटफॉर्म पर लॉगिन के लिए यूजर आईडी और पासवर्ड ई-मेल के जरिये भेजे जाएंगे।
- इस प्रोग्राम में अभ्यर्थियों को लाइव इंटरैक्टिव क्लास व ऑफलाइन रिकॉर्डेड लेक्चर आदि की सुविधा मिलेगी।
- कोर्स पूरा करने के लिए प्रतिभागियों की कम से कम 70 प्रतिशत उपस्थिति बनाए रखना आवश्यक है।
- परीक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को योग्यता प्रमाण-पत्र दिया जाएगा।
कमेंट
कमेंट X