IIT-B Mood Indigo: आईआईटी बॉम्बे के कल्चरल फेस्ट मूड इंडिगो का आगाज, सुनिधि और विशाल-शेखर भी करेंगे परफॉर्म
IIT-B Mood Indigo: आईआईटी, बॉम्बे के परिसर में एशिया के सबसे बड़े कॉलेज आधारित चार दिवसीय कल्चरल फेस्ट मूड इंडिगो (Mood Indigo) के दौरान विभिन्न प्रकार के 240 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
विस्तार
IIT Bombay’s 52nd Mood Indigo Begins: एशिया के सबसे बड़े कॉलेज आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम मूड इंडिगो (Mood Indigo) का आगाज मंगलवार, 27 दिसंबर को आईआईटी, बॉम्बे में हो गया है। आईआईटी, बॉम्बे के परिसर में चार दिवसीय कल्चरल फेस्ट मूड इंडिगो के दौरान विभिन्न प्रकार के 240 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मूड इंडिगो के तहत रोजाना सुबह से शाम तक कईं प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। अमर उजाला इस पूरे कार्यक्रम का मीडिया पार्टनर है।
विशाल-शेखर और सुनिधि चौहान की होगी परफॉर्मेंस, कॉमेडी नाइट भी
30 दिसंबर को मूड इंडिगो 2022 के तहत सबसे बड़ा इवेंट म्यूजिक कॉन्सर्ट है जिसमें बॉलीवुड के दिग्गज संगीतकार विशाल और शेखर की जोड़ी निश्चित रूप से मंच पर आग लगाने वाली है! इसके बाद यूफोनिक नाइट की हेडलाइनर कोई और नहीं बल्कि बॉलीवुड की चहेती सिंगर सुनिधि चौहान हैं! इतना ही नहीं, अनुभव सिंह बस्सी और समय रैना जैसे स्टैंड अप कॉमेडियन भी मूड इंडिंगो में परफॉर्म करेंगे।
moodi.org पर करना होगा रजिस्टर
आयोजन की सबसे अच्छी बात है कि मूड इंडिगो कॉलेज के सभी छात्रों के लिए पूरी तरह से निःशुल्क है। आपको बस अपना कॉलेज आईडी और एक एमआई नंबर चाहिए, जो आपको moodi.org पर रजिस्टर करने पर मिलेगा। तो अपना बैग पैक करें और अपने दोस्तों को मौज-मस्ती, रोमांच और कंपटीशन से भरे इन चार दिनों का अनुभव मजा लें। मूडी देश भर के चार हजार से अधिक कॉलेजों के 1,46,000 से अधिक विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से जोड़ने जा रहा है।
51 साल से हो रहा मूड इंडिगो का आयोजन
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, बॉम्बे देश का अग्रणी तकनीकी शिक्षा संस्थान है। जो कि अपने आप एक बड़ी विरासत संजोए हुए है और तकनीक से लेकर नवाचार तक, अकादमिक से लेकर प्रायोगिक क्षेत्र में भी सबसे आगे है। आईआईटी, बॉम्बे का वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव मूड इंडिगो भी 51 साल से लगातार आयोजित हो रहा है और इस साल एक ट्रेंडसेटर के तौर पर अपने 52वें संस्करण का आयोजन कर रहा है। कोरोना काल के तीन साल की सब्र भरे इम्तिहान के बाद, हम आखिरकार सामान्य स्थिति में वापस आ रहे हैं, और इस बार मूड इंडिगो भी अपने असली रंग और रूप में तैयार है।
कमेंट
कमेंट X