DU SOL Admission 2026: विदेशी भाषा, MBA और प्रोफेशनल कोर्सेज में दाखिला लेना का मौका, 17 जून से आवेदन शुरू
DU SOL Admission 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग ने विदेशी भाषा, MBA और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इच्छुक छात्र 17 जून से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और अपनी पसंद के कोर्स में प्रवेश ले सकेंगे।
विस्तार
DU: दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग (COL) ने स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (SOL) के तहत कई व्यावसायिक पाठ्यक्रमों और विदेशी भाषा कार्यक्रमों में प्रवेश शुरू करने की घोषणा की है। छात्र जर्मन, फ्रेंच, स्पेनिश, इटालियन, पुर्तगाली, चीनी, जापानी और कोरियाई जैसी 8 विदेशी भाषाओं में एक वर्षीय सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कोर्स में दाखिला ले सकते हैं। ये पाठ्यक्रम दिल्ली विश्वविद्यालय के संबंधित विभागों के सहयोग से संचालित किए जाएंगे।
सीओएल की निदेशक प्रो. पायल मागो ने बताया कि अधिक से अधिक छात्रों तक भाषा शिक्षा पहुंचाने के लिए इन पाठ्यक्रमों को जल्द ही ऑनलाइन मोड में भी शुरू किया जाएगा। इससे देशभर के छात्र घर बैठे इन कोर्सों में प्रवेश लेकर पढ़ाई कर सकेंगे और विदेशी भाषाओं के साथ-साथ व्यावसायिक कौशल भी सीख सकेंगे।
रूसी भाषा के नए कोर्स भी होंगे शुरू
दिल्ली विश्वविद्यालय का ओपन लर्निंग डेवलपमेंट सेंटर (OLDC) अब रूसी भाषा में भी एक वर्षीय सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कोर्स शुरू करने जा रहा है। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के स्लावोनिक और फिनो-उग्रियन अध्ययन विभाग के सहयोग से संचालित होगा। छात्र इन कोर्सों को कक्षा और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से कर सकेंगे, जिससे देशभर के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
17 जून से MBA समेत कई कोर्सों में प्रवेश
दिल्ली विश्वविद्यालय के डिस्टेंस एंड कंटीन्यूइंग एजुकेशन विभाग (DDCE), SOL और COL के तहत एमबीए, एमएलआईएससी, बीएलआईएससी और एडवरटाइजिंग और डिजिटल मीडिया लीडरशिप में PG डिप्लोमा (PGDADLM) जैसे प्रमुख पाठ्यक्रमों में प्रवेश 17 जून 2026 से शुरू होंगे। विश्वविद्यालय के अनुसार, ये कार्यक्रम छात्रों और कामकाजी पेशेवरों को लचीले तरीके से उच्च शिक्षा और करियर में आगे बढ़ने का अवसर देंगे। इच्छुक उम्मीदवार विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक प्रवेश पोर्टल पर जा सकते हैं।
कमेंट
कमेंट X