सीबीएसई ने दी 9वीं व 11वीं के छात्र-छात्राओं को राहत, बिना लेट फीस 30 तक कर सकते हैं पंजीकरण
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने नौवीं व 11वीं में छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया को लेकर बड़ी राहत दी है। बोर्ड ने पंजीकरण की तिथि बढ़ा दी है। अब बिना लेट फीस के साथ 30 अक्तूबर तक पंजीकरण किया जा सकता है। दशहरे के अवकाश व कुछ राज्यों को प्रभावित करने वाले चक्रवाती तूफान तितली के कारण तिथि को बढ़ाया गया है।
सीबीएसई ने 9वीं व 11वीं में पंजीकरण के लिए एक अक्तूबर से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की थी। यह प्रक्रिया बिना लेट फीस के साथ 22 अक्तूबर को समाप्त होनी थी, लेकिन अब इसे बढ़ा दिया गया है। पंजीकरण के लिए स्कूल को प्रति छात्र 150 रुपये भुगतान करना है। जबकि लेट फीस के साथ पंजीकरण की तिथि को आगे नहीं बढ़ाया गया है।
लेट फीस के साथ पहले की तरह ही 31 अक्तूबर से 12 नवंबर तक पंजीकरण किया जा सकेगा। इसके लिए पंजीकरण शुल्क 1150 रुपये चुकाना होगा। इसी तरह से 13 से 20 नवंबर 2150 रुपये व 21 से 28 नवंबर तक 5150 रुपये का भुगतान करना होगा।
इससे आगे नहीं बढ़ेगी तारीख
सीबीएसई ने साफ कर दिया है कि इन तिथियों तक पंजीकरण करना ही होगा। आगे तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी। बताया जा रहा है कि बोर्ड ने अभी पंजीकरण की तिथि को इसलिए भी आगे बढ़ाया है कि बोर्ड की ओर से पंजीकरण करने के लिए कक्षा में बच्चों की संख्या को तय कर दिया गया था।
संख्या तय हो जाने से कक्षा में 40 से अधिक संख्या में बच्चे होने के कारण उस स्कूल को पंजीकरण करने में दिक्कत हो रही थी। जिसके चलते कई स्कूल पंजीकरण नहीं कर पाए थे। हालांकि, बाद में बोर्ड ने स्कूलों को राहत देते हुए छात्रों की संख्या को बढ़ाकर 45 कर दिया था।
कमेंट
कमेंट X