एनआईडी एडमिशन 2027: डिजाइन कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, सीट और आरक्षण के साथ जान लें सभी जरूरी शर्तें
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन ने डिजाइन कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार आवेदन से पहले पात्रता, सीटों, आरक्षण और परीक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी जरूर जांच लें।
विस्तार
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (एनआईडी) ने 2027-28 में शुरू होने वाले डिजाइन कोर्सों में दाखिले के लिए आवेदन लेना शुरू कर दिया है। यानी जो विद्यार्थी अगले अकादमिक सत्र में एनआईडी में पढ़ाई करना चाहते हैं, वे आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, एनआईडी ने डिजाइन में पीएचडी के लिए भी आवेदन मांगे हैं। यह उन उम्मीदवारों के लिए है, जो डिजाइन और उससे जुड़े क्षेत्रों में आगे शोध करना चाहते हैं। पीएचडी का यह प्रवेश 2027 में शुरू होने वाले कार्यक्रम के लिए है।
बीडेस के लिए पात्रता
बीडेस में प्रवेश के लिए किसी भी स्ट्रीम में साइंस, कॉमर्स, आर्ट्स या ह्यूमैनिटीज से बारहवीं या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण उम्मीदवार आवेदन के पात्र हैं। 2026-27 में 12वीं की परीक्षा देने वाले विद्यार्थी भी आवेदन के पात्र हैं। सामान्य व जनरल-ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों का जन्म एक जुलाई, 2006 या उसके बाद होना चाहिए।
एमडेस और इंटीग्रेटेड पाथवे
2.5 वर्षीय एमडेस के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान से कम-से-कम तीन वर्षीय बैचलर डिग्री, चार वर्षीय बैचलर डिग्री या निर्धारित अवधि का डिजाइन, फाइन आर्ट्स, एप्लाइड आर्ट्स अथवा आर्किटेक्चर डिप्लोमा आवश्यक है। सामान्य और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए जन्मतिथि एक जुलाई, 1995 या उसके बाद होनी चाहिए। एनआईडी का 5.5 वर्षीय प्रोफेशनल एजुकेशन एमडेस (इंटीग्रेटेड पाथवे) बारहवीं के बाद किया जा सकता है। यह 15 डिजाइन विषयों में उपलब्ध है। प्रत्येक विषय में नौ सीटें निर्धारित हैं।
कैंपस और सीट
एनआईडी के प्रमुख कैंपस अहमदाबाद, गांधीनगर और बंगलूरु में हैं। 2027-28 के लिए इन संस्थानों में बीडेस की विस्तृत सीट संख्या संबंधित संस्थानों द्वारा अधिसूचित की जानी है। नियमित 2.5 वर्षीय पाठ्यक्रम कुल 19 विषयों में संचालित होता है। प्रत्येक विषय में सीटों की संख्या 12 या 19 है।
प्रवेश परीक्षा और रिजल्ट
एनआईडी में प्रवेश डिजाइन एप्टीट्यूड टेस्ट (डीएटी) के दो चरणों, प्रिलिम्स और मेन्स के माध्यम से होता है। डीएटी प्रिलिम्स 20 दिसंबर, 2026 को आयोजित होगी और एडमिट कार्ड 10 दिसंबर से उपलब्ध होंगे। एमडेस प्रिलिम्स का रिजल्ट 16 फरवरी, 2027, जबकि बीडेस का रिजल्ट 16 मार्च, 2027 को घोषित किया जाएगा।
- यह टेस्ट दो चरणों, प्रिलिम्स और मेन्स के माध्यम से होता है।
- डीएटी प्रिलिम्स 20 दिसंबर, 2026 को आयोजित होगी।
- डिस्क्रिप्टिव पेपर के लिए निबंध और कॉम्प्रिहेंशन लिखने का अभ्यास करें।
आवेदन की अंतिम तारीख
आवेदन की अंतिम तारीख 30 नवंबर, 2026 रात 11:59 बजे है। आवेदन में सुधार के लिए विंडो एक से तीन दिसंबर, 2026 तक खुली रहेगी। आवेदन एनआईडी के आधिकारिक एडमिशन पोर्टल admissions.nid.edu पर ऑनलाइन किए जाएंगे। डिजाइन में पीएचडी, 2027 के लिए आवेदन एक अक्तूबर, 2026 तक किए जा सकते हैं। पीएचडी कार्यक्रम जनवरी 2027 से शुरू होगा। डिजाइन तथा संबद्ध क्षेत्रों में गहन शोध के लिए फुल-टाइम और पार्ट-टाइम विकल्प उपलब्ध हैं। उम्मीदवारों को पात्रता, सीटों, आरक्षण, परीक्षा तथा आवश्यक दस्तावेजों से जुड़ी शर्तों की जांच अवश्य कर लेनी चाहिए।
कमेंट
कमेंट X