BTech Chaiwali: बिहार की छात्रा बनी बीटेक चायवाली, फरीदाबाद में शुरू की दुकान
वर्तिका सिंह ने वायरल हो रहे वीडियो में बताया है कि वह हमेशा से ही अपना खुद का बिजनेस शुरू करना चाहती थी। हालांकि, इसके लिए उन्हें अपनी डिग्री के पूरा होने का इंतजार करने का मन नहीं था।
विस्तार
देश के युवा आज कल क्रिएटिव हो चले हैं। अब जरूरी नहीं की उनके पास अगर एमबीए की डिग्री हो तो वे मैनेजमेंट की ही नौकरी करें। या ऐसे ही डिग्री के अनुसार ही फील्ड के काम करें। सोश मीडिया के दौर में ऐसे विभिन्न युवाओं की खबरें सामने आती रहती हैं जहां किसी ने कुछ यूनिक बिजनेस आइडिया निकाला है। सोशल मीडिया इन्हें अपने बिजनेस को बढ़ाने में भी मदद करता है। ऐसी ही कहानी सामने आई है बिहार की रहने वाली वर्तिका सिंह की। वह सोशल मीडिया पर बीटेक चायवाली के नाम से मशहूर हो रही हैं। दरअसल बीटेक चायवाली उनका नहीं बल्कि उनके बिजनेस आइडिया का नाम है। आइए जानते हैं उनकी पूरी कहानी...
बीटेक छात्रा हैं वर्तिका सिंह
बिहार की रहने वाली वर्तिका सिंह बीटेक कोर्स की छात्रा हैं। उन्होंने हरियाणा के फरीदाबाद में ग्रीनफील्ड के पास एक चाय की दुकान लगाई है। उन्होंने इस दुकान का नाम बी टेक चायवाली रखा है। उनके इस स्टार्टअप का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग इस वीडियो पर कमेंट और लाइक कर रहे हैं।
वर्तिका सिंह ने वायरल हो रहे वीडियो में बताया है कि वह हमेशा से ही अपना खुद का बिजनेस शुरू करना चाहती थी। हालांकि, इसके लिए उन्हें अपनी डिग्री के पूरा होने का इंतजार करने का मन नहीं था। इसलिए उन्होंने फैसला लिया और बी टेक चायवाली के नाम से अपना नया स्टार्टअप शुरू किया है।
कितने में मिलती है चाय?
वायरल वीडियो में वर्तिका ने बताया कि वह शाम 5.30 बजे से रात 09 बजे तक अपना चाय का स्टॉल लगाती हैं। स्टॉल पर विभिन्न तरह की चाय अलग-अलग रेट पर मिलती है। स्टॉल पर चाय-मसाला और नींबू की चाय 20 रुपये प्रति ग्लास और रेगुलर चाय 10 रुपये प्रति ग्लास मिलता है।
लोगों का मिल रहा समर्थन
वर्तिका की स्टॉल पर काफी लोग चाय लेने के लिए लाइन में खड़े होते हैं। उनके वीडियो पर भी उन्हें काफी लोगों का समर्थन मिल रहा है। एक यूजर ने लिखा- इस साहस के लिए बहुत सम्मान." "लड़की के लिए बहुत बड़ा सम्मान। वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा- मुझे आपकी मुस्कान और आत्मविश्वास अच्छा लगा, मैं आपके लिए प्रार्थना करूंगा।
कमेंट
कमेंट X