Azadi Ka Amrit Mahotsav: क्या है हर घर तिरंगा अभियान, कौन सी तारीख है खास, कैसे पाएं सर्टिफिकेट, जानें सबकुछ
Azadi Ka Amrit Mahotsav: हर घर तिरंगा अभियान आज से शुरू हो गया। 13 से 15 अगस्त तक चलने ाले इस अभियान में सभी की भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने एक आधिकारिक वेबसाइट harghartiranga.com भी जारी की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Azadi Ka Amrit Mahotsav: देशभर में अभी सड़क किनारे सजावट से लेकर लोगों के घरों, गाड़ियों और प्रतिष्ठानों तक पर तिरंगे की धूम है। आप जहां निकलें हर ओर हमारा तिरंगा शान से लहराता नजर आ रहा है। हो भी क्यों न, हमारा देश आजादी का अमृत महोत्सव जो मना रहा है। देश की आजादी को 75 साल पूरे हो रहे हैं। इस अमृत महोत्सव के तत्वावधान में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की गई है। आइए जानते हैं इस अभियान के बारे में सबकुछ...
क्या है हर घर तिरंगा अभियान का मकसद?
आजादी के अमृत महोत्सव अभियान के तहत यह अभियान शुरू किया गया है। बीते 22 जुलाई को खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों से अपने घर पर तिरंगा फहराने की अपील की। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया कि यह मुहिम तिरंगे के साथ हमारे जुड़ाव को गहरा करेगी। उन्होंने जिक्र किया कि 22 जुलाई, 1947 को ही तिरंगे को राष्ट्रध्वज के रूप में अपनाया गया था। उन्होंने लिखा, ‘इस साल, जब हम ‘आजादी का अमृत’ महोत्सव मना रहे हैं, तो आइए ‘हर घर तिरंगा’ आंदोलन को मजबूत करें। 13 अगस्त से 15 अगस्त के बीच अपने घरों में तिरंगा फहराएं या प्रदर्शित करें। यह मुहिम राष्ट्रध्वज के साथ अपने जुड़ाव को गहरा करेगी।’
13-15 अगस्त को हो हर घर तिरंगा
आजादी के अमृत महोत्सव में हर घर तिरंगा अभियान 13 से 15 अगस्त, 2022 तक चलेगा। इस अभियान के माध्यम से सरकार ने 20 करोड़ घरों पर तिरंगा लहराने का लक्ष्य रखा है। सभी निजी और सरकारी प्रतिष्ठान भी इसमें शामिल होंगे। लाखों लोग अभी से अपने घरों, सोशल मीडिया प्रोफाइल आदि में तिरंगा लगाने की शुरुआत कर चुके हैं।
वेबसाइट के जरिए ले सकते हैं अभियान में हिस्सा
हर घर तिरंगा अभियान में सभी की भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने एक आधिकारिक वेबसाइट harghartiranga.com भी शुरू की है। यहां आप तिरंगे की फोटो शेयर कर सकते हैं। अभियान में भागीदारी का सर्टिफिकेट भी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर जाकर PIN A Flag के ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। इसके बाद नाम, मोबाइल नंबर और लोकेशन को सबमिट कर अपना सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा आप इस वेबसाइट से अभियान की थीम फोटो भी डाउनलोड कर सकते हैं।
पोस्ट ऑफिस से मंगवा सकते हैं तिरंगा
अगर आप बाहर जाकर तिरंगा लाने में असमर्थ हैं तो पोस्ट ऑफिस के माध्यम से तिरंगा पहुंचाने की भी व्यवस्था है। इसके लिए पोस्ट ऑफिस की आधिकारिक वेबसाइट www.epostoffice.gov.in पर जाकर तिरंगा खरीद सकते हैं। इसके लिए अपना पता, झंडों की संख्या और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। झंडे की कीमत 25 रुपये होगी और कोई भी डिलीवरी चार्ज नहीं लिया जाएगा। ध्यान रखें कि ऑर्डर होने के बाद इसे कैंसिल नहीं किया जा सकेगा। सभी डाकघर स्वतंत्रता दिवस से पहले छुट्टी के दिनों में भी खुले रहेंगे।
तिरंगे की मांग में भारी इजाफा
हर घर तिरंगा अभियान का असर अभी से दिखने लगा है। देश में तिरंगे की मांग में भारी बढ़ोतरी हुई है। कई रिपोर्ट के अनुसार पीएम मोदी द्वारा इस अभियान की घोषणा के बाद से तिरंगे की मांग में 50 गुना तक बढ़ोतरी देखी गई है। हालात यह है कि मांग के मुताबिक आपूर्ति कर पाना कारोबारियों और विनिर्माताओं के लिए कठिन हो गया है। राष्ट्रीय ध्वज की आपूर्ति का व्यवसाय करने वाले व्यापारी भी कह रहे हैं कि उन्होंने पहले तिरंगे की इतनी भारी मांग कभी नहीं देखी।
क्या है राजनीतिक दलों का रुख?
अलग-अलग दल भी तिरंगा अभियान चला रहे हैं। कांग्रेस के नेता पंडित जवाहरलाल नेहरू की तिरंगा लिए हुए तस्वीर अपनी प्रोफाइल पर लगा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार 'हमर तिरंगा' अभियान चला रही है। इसके तहत लोग अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर तिरंगा लगा रहे हैं। जिन राज्यों में भाजपा सरकारें हैं, वहां हर घर तिरंगा अभियान को अधिक से अधिक घरों तक पहुंचाने की कोशिश है। मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस ने 9 से 15 अगस्त तक तिरंगा महोत्सव मनाने का एलान किया है।
- Delhi Government (@DelhiGovDigital) 11 Aug 2022
कमेंट
कमेंट X