आपके जज्बे को सलाम: पत्नी से झगड़ा होने के बाद गले में डाला फंदा, समय पर पहुंची दिल्ली पुलिस; बच गई जान
दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके में एक शख्स का अपनी पत्नी से झगड़ा हो गया। पत्नी से झगड़ा होने पर गले में फंदा डाल लिया था। पुलिसकर्मियों ने समय से पहुंचकर शख्स की जान बचा ली।
विस्तार
दिल्ली पुलिस की पीसीआर वैन में तैनात कर्मियों ने ड्यूटी का ठीक से निर्वाह करते हुए एक शख्स की जान बचा ली। पत्नी से झगड़े के बाद शख्स फांसी लगा रहा था। उसने फंदे को गले में डाल लिया था। पीसीआर के पुलिस उपायुक्त आनंद मिश्रा ने बताया कि मामला कापसहेड़ा थाना इलाके की गली नंबर 4 का है।
झगड़ के बाद पत्नी ने पुलिस को की कॉल
एक महिला ने रात को पीसीआर कॉल कर सूचना दी थी कि पति ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया है। वह गुस्से में हैं। फंदा लगाकर खुदकुशी करने जा रहे हैं। आनन फानन में पीसीआर कर्मी हवलदार बलराज और सिपाही दीपक मौके पर पहुंचे।
दिल्ली पुलिस के दो जवानों ने बचा ली नागरिक की जान
उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा तो श्याम कपड़े की मदद से फंदा बनाकर लटका हुआ था। पुलिसकर्मियों ने उसे नीचे उतारा। श्याम ने शराब पी रखी थी। झगड़ा होने पर उसने गुस्से में पत्नी की पिटाई कर दी और कमरे जाकर दरवाजा बंद कर लिया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को उचित इनाम देने की घोषणा की है।