{"_id":"6072fca68ebc3e59144f20a5","slug":"todays-active-corona-cases-of-delhi-11-april-2021-new-cases-registered-10774-24-patient-death","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली में कोरोना बेकाबू : रिकॉर्ड 10774 नए मामले, 48 मरीजों की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली में कोरोना बेकाबू : रिकॉर्ड 10774 नए मामले, 48 मरीजों की मौत
Mon, 12 Apr 2021 12:13 AM IST
सुशील कुमार कुमार
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: सुशील कुमार कुमार
Updated Mon, 12 Apr 2021 12:13 AM IST
सार
- संक्रमण दर दस प्रतिशत के नीचे
- 679573 लोग हुए स्वस्थ
- अबतक 11283 लोगों की मौत
विज्ञापन
कोरोना वायरस की जांच करता स्वास्थ्यकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कोरोना की चौथी लहर का सामना कर रही दिल्ली में रविवार को संक्रमण के मामलों ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। बीते 24 घंटे में संक्रमण के 10,774 नए केस मिले, जो अब तक का सर्वाधिक है। इससे पहले 11 नवंबर, 2020 को 8593 लोग संक्रमित पाए गए थे।
विज्ञापन
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले एक दिन में 48 लोगों की कोरोना से मौत हो गई, जबकि, 5158 मरीज स्वस्थ हुए। दिल्ली में पहली बार एक दिन में एक लाख 14 हजार से भी ज्यादा नमूनों की जांच की गई। इनमें 76 हजार आरटी-पीसीआर तकनीक से हुई। दिल्ली में अब कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7,25,197 हो चुकी है। इनमें से 6,79,573 स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक इस महामारी से 11,283 लोगों की मौत हो चुकी है। सक्रिय मामले भी 34341 हो चुके हैं। इनमें से 17,093 मरीज आइसोलेशन में हैं। अस्पतालों में 6216 रोगियों का इलाज चल रहा है और 258 मरीज कोविड केंद्रों में भर्ती हैं। कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 5705 हो गई है।
विज्ञापन
अब तक 20 लाख से अधिक लोगों ने लगवाई वैक्सीन
संक्रमण के तेजी से बढ़ रहे मामलों के बीच दिल्ली में वैक्सीनेशन की रफ्तार भी बढ़ने लगी है। बीते एक दिन में रिकॉर्ड 1 लाख से अधिक लोगों ने कोरोना ने टीका लगवाया। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 700 से अधिक केंद्रों पर चले टीकाकरण कार्यक्रम में कुल 1,04,862 लोगों को टीका लगाया गया। कुल टीकाकरण में 91,099 को पहली व 13,763 लोगों को दूसरी खुराक लगाई गई। दिल्ली में अब तक कुल 20,70,868 लोगों का टीकाकरण हो चुका है। इनमें स्वास्थ्य व अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मचारियों के अलावा 45 साल से अधिक उम्र के करीब 14 लाख लोग शामिल है। राजधानी में इस आयु वर्ग के लोगों की कुल संख्या 60 लाख है। इस हिसाब से देखें तो 45 पार की आयु के अभी 50 फीसदी लोगों को भी वैक्सीन नहीं लगी है।
विज्ञापन
गुरुग्राम में एक दिन में रिकॉर्ड1084 संक्रमित
जिले में रविवार को एक दिन में अब तक के सर्वाधिक 1084 नए मरीज मिले। इससे पहले पिछले साल 8 नवंबर को एक दिन में इतने मरीज आए थे। जिले में अब सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 5549 हो गई है, जिनमें से 5165 संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं जबकि 384 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। जिले में कोरोना मरीजों का कुल आंकड़ा बढ़कर 70141 पर पहुंच चुका है। इनमें से 64223 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 369 मरीजों की मौत हुई है।
फरीदाबाद में 445 नए मामलों की पुष्टि
जिले में रविवार को 445 नए संक्रमित मिले, जो इस साल में अब तक सबसे ज्यादा है। इससे पहले 27 नवंबर 2020 को 458 मामले आए थे। वहीं 165 मरीजों को संक्रमण मुक्त घोषित कर दिया गया है।शनिवार की तुलना में रविवार को दोगुना से भी अधिक नए मरीज मिले हैं। कुल संक्रमितों का आंकड़ा 50246 हो चुका है। हालांकि इनमें से 47 हजार 874 मरीज ठीक हो गए हैं। अब तक 426 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 1946 सक्रिय मरीज हैं।