दिल्ली : कुत्ते के भौंकने पर किशोर ने बुजुर्ग को मार डाला, फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या
बचाव में आई पत्नी के साथ हाथापाई कर किशोर फरार हो गया। बुजुर्ग को पास के अस्पताल में ले जाया गया जहां इलाज के दो दिन बाद बुजुर्ग ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नजफगढ़ इलाके में कुत्ते के भौंकने पर पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग ने बुजुर्ग के सिर पर रॉड मारकर हत्या कर दी। कुत्ते के भौंकने पर नाबालिग उसका पीछा करते हुए बुजुर्ग के घर में घुस गया। बेजुबान को मारने से मना करने पर आरोपी ने बुजुर्ग के सिर पर रॉड से हमला कर दिया। बचाव में आई पत्नी के साथ हाथापाई कर किशोर फरार हो गया। बुजुर्ग को पास के अस्पताल में ले जाया गया जहां इलाज के दो दिन बाद बुजुर्ग ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
जिला पुलिस उपायुक्त शंकर चौधरी ने बताया कि 18 मार्च की शाम पुलिस को नजफगढ़ की रहने वाली एक महिला मीना ने फोन कर बताया कि पड़ोस में रहने वाला नाबालिग ने उसके पति पर रॉड से हमला कर दिया है और उसके साथ हाथापाई कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि परिवार वाले घायल 85 वर्षीय अशोक कुमार को इलाज के लिए राव तुलाराम अस्पताल ले गए हैं। पुलिस अस्पताल पहुंची। जहां बुजुर्ग का इलाज चल रहा था।
मीना ने पुलिस को बताया कि उसका कुत्ता पड़ोस में रहने वाले नाबालिग पर भौंक रहा था। वह कुत्ते को मारने लगा। कुत्ता भागकर घर में घुस गया। नाबालिग कुत्ते का पीछा करते हुए घर में घुस गया और उससे मारने लगा। बुजुर्ग ने मारने से मना किया। इसी दौरान नाबालिग ने बुजुर्ग के सिर पर रॉड से हमला कर दिया जिससे अशोक के सिर से खून निकलने लगा। उसने बीच बचाव किया तो आरोपी हाथापाई कर फरार हो गया।
पुलिस ने मीना के बयान पर घर में घुसकर मारपीट करने का मामला दर्ज कर लिया। मामले पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नाबालिग को पकड़कर बाल न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जमानत दे दी गई। उधर इलाज के दौरान 20 मार्च को बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। बुजुर्ग की मौत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस की ओर से नाबालिग को दोबारा पकड़ने के लिए बाल न्यायालय में आवेदन किया गया है। बाल न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस मामले पर कार्रवाई करेगी।
रोहिणी में फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या
रोहिणी में बुधवार रात जगुआर कार सवार एक फाइनेंसर की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान खेड़ाकलां निवासी शेखर राणा उर्फ सन्नाटा के रूप में हुई है।
पुलिस ने गैंगवार में हत्या की आशंका जताई है। मृतक पर आठ संगीन मामले दर्ज थे और वह गैंगस्टर टिल्लू गैंग का करीबी था। वर्ष 2019 में उसके छोटे भाई की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। केएन काटजू मार्ग थाना पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर हत्यारों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस को रात दस बजे एक महिला ने युवक को गोली मारे जाने की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि शेखर को दो गोलियां मारी गई थीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों को पुलिस ने खंगाला है। एक फुटेज में बाइक सवार को वारदात को अंजाम देकर भागते देखा गया है।
चार माह से था भूमिगत
सूत्रों का कहना है कि गोगी की हत्या के बाद टिल्लू गैंग के करीबियों ने एक पार्टी की थी जिसका वीडियो गोगी गैंग के बदमाशों के पास पहुंच गया। इसके बाद से पार्टी में शामिल बदमाश गोगी गैंग के बदमाशों के निशाने पर थे। इस बात की जानकारी मिलने के बाद चार माह से शेखर चंडीगढ़ में रह रहा था। वह बीच-बीच में रोहिणी स्थित अपने फ्लैट पर आता था।
परिवार के मुताबिक रात में वह चंडीगढ़ से गांव आया था। उसके बाद वह रोहिणी गया। उसने नीचे के फ्लैट में रहने वाली महिला से चाबी लेने गया था। बताया जा रहा है कि महिला के साथ वह रहता था। कार में महिला के आने के इंतजार के दौरान बदमाशों ने गोलियां चला दीं।