हर घर जल: नई दिल्ली क्षेत्र के सभी 18 जेजे क्लस्टर में पाइपलाइन से होगी जलापूर्ति, विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रही एनडीएमसी
नई दिल्ली पालिका परिषद के सदस्य कुलजीत सिंह चहल ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि नई दिल्ली क्षेत्र मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का निर्वाचन क्षेत्र है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हर घर जल योजना के तहत नई दिल्ली क्षेत्र के सभी जेजे क्लस्टर में रहने वालों को पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए नई दिल्ली पालिका परिषद (एनडीएमसी) एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रही है। क्षेत्रवासियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में पहल की जा रही है। पायलट आधार पर विवेकानंद कैंप में रहने वाले 400 परिवारों के लिए जून तक इस परियोजना की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद नई दिल्ली के सभी 18 क्लस्टर के सभी घरों में अगले एक साल में पानी की आपूर्ति पाइपलाइन के जरिये की जाएगी। एनडीएमसी देश का पहला ऐसा स्थानीय निकाय होगा, जहां सभी झुग्गी झोपड़ी क्लस्टर में नलों से पानी की आपूर्ति की जाएगी।
नई दिल्ली पालिका परिषद के सदस्य कुलजीत सिंह चहल ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि नई दिल्ली क्षेत्र मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का निर्वाचन क्षेत्र है। सात साल से मुख्यमंत्री की ओर से नई दिल्ली क्षेत्र के जे.जे. क्लस्टर में बसे घरों में रहने वालों निवासियों को पाइप या नल का पानी मुहैया करने के लिए कोई पहल नहीं की गई। जे.जे.क्लस्टर में रहने वालों के लिए सोचनीय स्थिति है क्योंकि नल का पानी न होना उनके लिए एक बड़ी समस्या है।
चहल ने कहा कि अब एनडीएमसी ने प्रधान मंत्री की दृष्टि के अनुरूप हर घर जल के तहत एक परियोजना की दिशा में पहल की है। इससे जे जे क्लस्टर में रहने वालों को निशुल्क जलापूर्ति की जाएगी। इस पानी की गुणवत्ता आरओ प्रणाली के बराबर है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 693 जे.जे. दिल्ली क्षेत्र के क्लस्टरों निवासियों को उनकी सरकार द्वारा पाइप के पानी का कनेक्शन प्रदान करने का वादा किया था। बावजूद इसके दिल्ली सरकार की ओर से इसे पूरा करने के लिए उचित कदम नहीं उठाए गए हैं।
एनडीएमसी के सदस्य ने कहा कि पायलट आधार पर विवेकानंद कैंप से इसकी शुरुआत से सभी परिवारों को उनके घरों में ही नल का पानी उपलब्ध होगा। क्षेत्र में पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 10,000 किलोलीटर (केएल) के 9 ओवरहेड टैंक स्थापित किए जाएंगे। चहल ने कहा कि पालिका परिषद की नैतिक जिम्मेदारी है कि अपने क्षेत्र के सभी घरों में नल के पानी का कनेक्शन मुहैया करे। नई दिल्ली में 18 प्रमुख जेजे क्लस्टर और छोटे आवासीय क्षेत्रों में फिलहाल नलों का कनेक्शन नहीं होने की वजह से टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है। नए भारत में नई एनडीएमसी की जिम्मेदारी है कि जेजे क्लस्टर में रहने वालों के जीवन की गुणवत्ता में और सुधार के लिए घरों में पाइप कनेक्शन के जरिये पानी की आपूर्ति हो। इसे चरणों में लागू करने के लिए एनडीएमसी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रही है।
23 से जल कनेक्शन शिविर का होगा आयोजन
पालिका परिषद दिल्ली को दिल्ली जल बोर्ड से 120 केएलडी पानी की आपूर्ति की जा रही है। नई दिल्ली क्षेत्र के घरों और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए 450 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन से जलापूर्ति की जा रही है। एनडीएमसी के पास जेजे क्लस्टर में और आपातकालीन स्थितियों में पानी की आपूर्ति के लिए 30 वाटर ट्रॉली और 10 पानी के टैंकर हैं। एनडीएमसी की ओर से 23 मार्च से बीके दत्त कॉलोनी में जल कनेक्शन शिविर आयोजित किया जाएगा। निवासियों की शिकायतों के निवारण के लिए 26 मार्च को एक सुविधा कैंप का आयोजन किया जाएगा।