कोरोना की रफ्तार : गुजरा बस आधा महीना, संक्रमण बढ़ा 100 गुना, सक्रिय मरीजों का भी चढ़ा ग्राफ
संक्रमण दर में 50 गुना इजाफा, .20 से 11.88 फीसदी पर पहुंचा आंकड़ा, 15 दिन पहले दिल्ली में कारोना के 102 नए मामले आए थे सामने। वहीं बीते एक हफ़्ते में दिल्ली में 10 गुना बढ़े हैं कोरोना के सक्रिय मरीज।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली में कोरोना संक्रमण में इजाफा का ग्राफ लगातार चढ़ रहा है। पिछले 15 दिनों(आधा महीना) के दौरान संक्रमण में करीब 100 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले साल मई के बाद कोरोना संक्रमण में हुई बढ़ोतरी के बाद हर तरफ सतर्कता बढ़ा दी गइ है ताकि प्रसार कम हो सके। संक्रमण दर में भी 20 दिसंबर, 2021 से पांच जनवरी, 2022 के बीच करीब 50 गुना की बढ़ोतरी हो चुकी है।
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण(डीडीएमए) के निर्देश पर दिल्ली में बुधवार से मेट्रो और बसें 100 फीसदी क्षमता के साथ चलाने की शुरुआत कर दी गई है। लेकिन तेजी से बढ़ते संक्रमण का सिलसिला अगर कम नहीं हुआ तो हो सकता है कि सरकार को नए सिरे से इस फैसले पर दोबारा विचार करना पड़े। पिछले साल 20 दिसंबर को दिल्ली में कोरोना के 91 मामले आए थे। अगले दिन यानि 21 दिसंबर को आंकड़ा सौ को पार कर, 102 पर पहुंच गया। उस दिन संक्रमण की दर भी 0.20 फीसदी दर्ज की गई थी।
पिछले 15 दिनों के दौरान संक्रमण दर में महज एक बार 23 दिसंबर को कमी आई थी जब आंकड़ा 0.19 पर पहुंचा था। इसके बाद बढ़ोतरी का सिलसिला लगातार जारी है। पिछले 15 दिनों में दिल्ली में कोरोना संक्रमण में सौ गुना बढ़ोतरी के बाद के हालात में बचाव के लिए केवल जरूरी काम से घर से बाहर निकलने, सार्वजनिक परिवहन में यात्रा, मास्क, सामाजिक दूरी, सैनिटाइजेशन जैसे एहतियातों का पालन करने को जानकार जरूरी बता रहे हैं। संक्रमण की दर में पिछले 15 दिनों में 50 गुना बढ़ोतरी के बाद सभी की चिंताएं बढ़ने लगी हैं। पिछले साल 16 मई को इससे पहले दिल्ली में कोरोना के 6456 मामलों के साथ संक्रमण दर 10.4 प्रतिशत पर पहुंच गया था।
तारीख नए मामले संक्रमण दर (प्रतिशत में)
20 दिसंबर- 91 0.20
21 दिसंबर 102 0.20
22 दिसंबर 125 0.20
23 दिसंबर 118 0.19
24 दिसंबर 180 0.29
25 दिसंबर 249 0.43
26 दिसंबर 290 0.55
27 दिसंबर 331 0.68
28 दिसंबर 496 0.89
29 दिसंबर 923 1.29
30 दिसंबर 1313 1.73
31 दिसंबर 1,796 2.44
एक जनवरी 2,716 3.64
दो जनवरी 3,194 4.59
तीन जनवरी 4,099 6.46
चार जनवरी 5481 8.50
पांच जनवरी 11,665 11.88
10 गुना बढ़े कोरोना के सक्रिय मरीज, उत्तर पश्चिम जिला सबसे अधिक चपेट में
दिल्ली में हर दिन कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही सक्रिय मामलों में भी उछाल देखने को मिल रहा है। राजधानी में कुल सक्रिय यानी उपचाराधीन मरीजों की संख्या 15 हजार पार हुई है। जोकि हाल ही में 10 गुना से भी अधिक बढ़ोतरी है। बीते आठ दिनों की तुलना करें तो दिल्ली में कोरोना सक्रिय मामलों में 10 गुना से भी अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह संख्या राष्ट्रीय स्तर पर छह फीसदी से अधिक भागेदारी भी बता रही है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़ने की वजह से देश के सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में अब दिल्ली भी शामिल हुई है। बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी पुष्टि भी की है।
उधर स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह भी बताया कि दिल्ली में अभी 11 जिलों में हालात लगभग एक जैसे हैं लेकिन यहां छह जिलों में स्थिति सबसे अधिक गंभीर है। उत्तर पश्चिम और दक्षिणी दिल्ली जिले में कोरोना की साप्ताहिक संक्रमण दर सबसे अधिक पहुंच गई है। यहां रोजाना नौ से 11 फीसदी तक सैंपल कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। हालांकि बीते दो दिन की स्थिति देखें तो पूरे राज्य में दैनिक संक्रमण दर पांच से बढ़कर 10 फीसदी तक जा पहुंची है।
आंकड़ों के अनुसार दिल्ली के उत्तर पश्चिमी इलाके में सबसे अधिक कोरोना संक्रमण फैला है। यहां 29 दिसंबर से चार जनवरी के बीच 10.70 फीसदी सैंपल कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं दक्षिणी दिल्ली जिला में 9.18, पूर्वी दिल्ली में 7.60, पश्चिमी दिल्ली में 7.55, नई दिल्ली में 6.49 और मध्य दिल्ली जिला में बीते एक सप्ताह के दौरान 5.83 फीसदी सैंपल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
इसी तरह दिल्ली के दूसरे जिलों की बात करें तो उत्तर दिल्ली में 4.16, दक्षिण पूर्वी में 3.95, शाहदरा में 3.89, उत्तर पूर्वी में 3.58 और दक्षिण पश्चिमी जिले में 3.31 फीसदी सैंपल कोरोना संक्रमित मिले हैं।