{"_id":"61e6ae86d4217637aa13d552","slug":"innocent-kidnapped-from-ghazipur-murdered-in-up-accused-arrested-executed-due-to-rivalry","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली: गाजीपुर से अगवा मासूम की यूपी में हत्या, आरोपी गिरफ्तार, रंजिश के चलते दिया वारदात को अंजाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली: गाजीपुर से अगवा मासूम की यूपी में हत्या, आरोपी गिरफ्तार, रंजिश के चलते दिया वारदात को अंजाम
Tue, 18 Jan 2022 05:41 PM IST
सुशील कुमार
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: सुशील कुमार
Updated Tue, 18 Jan 2022 05:41 PM IST
सार
आरोपी सुनील ने खुलासा किया है कि इसे शक था कि इसके भाई मनोज की मौत के लिए उसके साले राजन व राजकुमार जिम्मेदार है। उनको सबक सिखाने की नीयत से उसने राजन के बेटे की हत्या की।
विज्ञापन
child dead
विस्तार
पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में एक शख्स ने अपने भाई के साले को सबक सिखाने की नीयत से उसके पांच साल के मासूम बेटे को अगवा कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी मासूम को यूपी के एटा जिला स्थित पिलुआ के गांव जयसिंहपुर ले गया। वहां मासूम की गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव को गांव के ही जंगल में ले जाकर दफना दिया।
विज्ञापन
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी पहचान सुनील कुमार (32) के रूप में हुई है। सोमवार देर रात को गाजीपुर थाना पुलिस की टीम ने इसकी निशानदेही पर शव को प्राप्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस आरोपी को लेकर दिल्ली आ गई है। शुरुआती जांच के बाद आरोपी सुनील ने खुलासा किया है कि इसे शक था कि इसके भाई मनोज की मौत के लिए उसके साले राजन व राजकुमार जिम्मेदार है। उनको सबक सिखाने की नीयत से उसने राजन के बेटे की हत्या की।
विज्ञापन
पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस के मुताबिक राजन सिंह परिवार के साथ गुज्जर बस्ती, गाजीपुर में रहता है। इसके परिवार में पत्नी भूरी देवी और दो बेटे थे। घर के पास ही राजन का भाई राजकुमार व उसकी पत्नी पूजा रहती है। 15 जनवरी को अचानक राजन का पांच साल का बेटा घर के पास से गायब हो गया। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो राजन ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विज्ञापन
सीसीटीवी से चला पता
सीसीटीवी देखने पर पता चला कि राजन का बेटा उसके भाई राजकुमार की पत्नी पूजा के साथ गया है। पुलिस ने पूजा से पूछताछ की तो उसने बताया कि बच्चा उसके साथ आया था और घर के बाहर खेल रहा था। पुलिस ने दोबारा सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो एक शख्स बच्चे को ले जाता हुआ दिखा। राजन को दिखाया गया तो उसने फौरन बच्चे को ले जाने वाले शख्स को पहचान लिया। राजन ने बताया कि बच्चे को ले जा रहा शख्स सुनील है जो उसके जीजा मनोज का छोटा भाई है। छानबीन करने पर सुनील की लोकेशन एटा के पिलुआ थाना क्षेत्र के गांव जयसिंहपुर में मिली।
शादी के बाद भाई की पत्नी से रहती थी अनबन
फौरन एक टीम को जयसिंहपुर गांव भेज दिया गया। वहां सुनील को दबोच लिया गया। शुरुआत में आरोपी ने मासूम को अपने साथ लाने की बात से इंकार किया, लेकिन बाद में उसने उसके अगवा कर हत्या करने की बात कबूल कर ली। सोमवार को मासूम का शव भी पुलिस ने बरामद कर लिया। सुनील ने बताया कि उसके भाई मनोज की शादी राजन व राजकुमार की बहन से हुई थी। शादी के बाद से उसके भाई मनोज की पत्नी से अनबन रहती थी।
सबक सिखाने की नीयत से की हत्या
2015 में अचानक संदिग्ध हालात में मनोज की मौत हो गई। सुनील को लगता था कि राजन, राजकुमार ने साजिश रचकर अपनी बहन की मदद से उसके भाई मनोज की हत्या की है। वह खुद दिल्ली में राजन के घर के पास किराए पर रहकर मजदूरी करता था। राजन की पत्नी भूरी देवी ने उससे 1500 रुपये भी लिये थे जो वह वापस नहीं कर रही थी। राजन को सबक सिखाने की नीयत से उसने बेटे की हत्या की योजना बनाकर उसे अगवा किया। बाद में उसे गांव ले जाकर हत्या कर शव को गांव के ही जंगल में दबा दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।