टीकरी बॉर्डरः किसानों ने लगाया अपना वाई-फाई, जल आपूर्ति के लिए की सबमर्सिबल पंप की बोरिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीकरी बॉर्डर पर इंटरनेट सुविधा शुरू करने के लिए किसानों ने अपना वाई-फाई लगा लिया है। बुधवार को सुबह संयुक्त किसान मोर्चा ने अपने मंच पर बीएसएनएल का वाई-फाई सिस्टम लगाया है। जिसकी मदद से यहां पर दिनभर की गतिविधियों को सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा सकेगा। पानी की आपूर्ति के लिए यहां पर किसानों ने एक सबमर्सिबल पंप भी लगा लिया है।
गणतंत्र दिवस के मौके पर हुई हिंसा के बाद से किसान आंदोलन स्थलों पर इंटरनेट सेवा बंद है। इंटरनेट सेवा बंद होने कारण किसानों और किसानों के समर्थन में यहां पहुंचने वाले लोगों को बड़ी परेशानी हो रही है। नेटवर्क कमजोर होने से फोन पर सामान्य बातचीत भी नहीं हो पा रही है। लेकिन संयुक्त किसान मोर्चा ने अपने मंच पर एक वाई-फाई सिस्टम लगवाया है। किसानों के मुताबिक केवल एक वाई-फाई से सभी किसानों को इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराना संभव नहीं है। लेकिन वाई-फाई लग जाने से यहां की गतिविधियों को एक से दूसरे धरना स्थलों तक साझा किया जा सकता है।
किसानों को जलापूर्ति मिलने में भी परेशानी हो रही है। किसानों का कहना है कि यहां पर हफ्तेभर से बहादुरगढ़ व टीकरी दोनों ओर से पानी की सप्लाई नहीं मिल रही है। लोगों को मजबूरन बोतल का महंगा पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। किसानों ने बहादुरगढ़ बस स्टैंड के समीप एक खाली जगह पर सबमर्सिबल पंप की बोरिंग ही कर दी है। ताकि लोगों को आसानी से नहाने, धोने वा साफ-सफाई के लिए पानी मिल सके। फिलहाल केवल एक सबमर्सिबल पंप से इतनी बड़ी संख्या में किसानों को पानी की आपूर्ति करना आसान नहीं होगा।
टीकरी बॉर्डर पर तीन पेट्रोल पंप हैं, जिनके शौचालय का इस्तेमाल किसानों द्वारा किया जाता है। यहां एक पब्लिक टॉयलेट भी है, जिससे शौचालय की जरूरत कुछ हद तक पूरी हो जाती है। लेकिन महिलाओं के लिए यहां पर शौचालय का प्रबंध अभी भी नहीं हो पाया है।
गाजीपुर बॉर्डर पर सामान्य हुई इंटरनेट सेवा
करीब आठ दिन तक प्रभावित रहने के बाद बुधवार को गाजीपुर बॉर्डर पर इंटरनेट सेवा सामान्य हो गई। इससे स्थानीय किसान नेता अपने परिवार व अन्य संगठनों से संपर्क साधने में सफल रहे। हालांकि, पहले के मुकाबले स्पीड में हल्की कमी दर्ज की गई।
दरअसल, गृह मंत्रालय ने सुरक्षा कारणों से 31 जनवरी तक इंटरनेट सेवा प्रभावित करने का आदेश जारी किया था। इसके बाद इसे दो फरवरी तक बढ़ाया गया था, लेकिन इसके बाद कोई नया आदेश जारी नहीं हुआ है जिसके बाद बॉर्डर पर इंटरनेट सेवा सामान्य हो गई है। गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोनलकारी बलराज मान ने कहा कि मंगलवार तक इंटरनेट न चलने की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, बुधवार से इंटरनेट ठीक चल रहा है। वहीं, परिवार से भी वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क हो सका है।