{"_id":"64249c8958aa547fcc012683","slug":"delhi-strong-wires-will-be-tied-on-both-sides-of-the-shastri-park-flyover-2023-03-30","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Delhi : शास्त्री पार्क फ्लाईओवर के दोनों ओर बंधेंगे मजबूत तार, मंगलवार को चीनी मांझे से कटी थी महिला की गर्दन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi : शास्त्री पार्क फ्लाईओवर के दोनों ओर बंधेंगे मजबूत तार, मंगलवार को चीनी मांझे से कटी थी महिला की गर्दन
Thu, 30 Mar 2023 04:00 AM IST
दुष्यंत शर्मा
शुजात आलम, नई दिल्ली
शुजात आलम, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Thu, 30 Mar 2023 04:00 AM IST
सार
मंगलवार को विंकी नाम की महिला भी इसकी चपेट में आ गई। भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों इसलिए दिल्ली पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है।
विज्ञापन
Chinese manjha
- फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
पिछले साल शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर चीनी मांझे की चपेट में आकर कई लोग जख्मी हो गए थे। मंगलवार को विंकी नाम की महिला भी इसकी चपेट में आ गई। भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों इसलिए दिल्ली पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि चीनी मांझे को ऊपर रोकने के लिए फ्लाईओवर के दोनों ओर सुरक्षा कवच तैयार किया जा रहा है। पुलिस टीम काफी ऊपर खंभों पर मजबूत तार बांधेगी। इससे चीनी मांझा नीचे नहीं आएगा। ऐसे में दोपहिया वाहन चालक चपेट में नहीं आएंगे।
विज्ञापन
उत्तर-पूर्व जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को हादसे के बाद ही इसका फैसला कर लिया गया था। बुधवार को इसकी तैयारी भी शुरू हो गई। क्रेन की मदद से फ्लाईओवर के दोनों ओर तार बांधे जाएंगे। बाद में सीलमपुर, वेलकम और शाहदरा फ्लाईओवर पर भी इस तरह के इंतजाम किए जाएंगे। इससे पूर्व बुधवार को शास्त्री पार्क थाना पुलिस ने पूरे इलाके में जाकर लोगों को चीनी मांझे का इस्तेमाल न करने के लिए कहा। वहीं, वरिष्ठ अधिकारियों ने चीनी मांझा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा है। फिलहाल, पुलिस ऊंची इमारतों से पतंग उड़ाने वालों पर भी नजर रख रही है।
विज्ञापन
मंगलवार को कट गई थी महिला की गर्दन
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में मंगलवार शाम स्कूटी सवार महिला की गर्दन चीनी मांझे की चपेट में आकर कट गई। महिला स्कूटी समेत सड़क पर गिरी और गर्दन से खून तेजी से निकलने लगा। महिला के पीछे दफ्तर के सहयोगी भी दूसरे वाहन से चल रहे थे। वे फौरन विंकी भारद्वाज (36) को कार से संत परमानंद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे वैशाली स्थित मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।बुधवार को महिला की सर्जरी की गई, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल महिला बयान देने की हालत में नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-17 जी, वसुंधरा, गाजियाबाद निवासी विंकी के परिवार में पति सुमित चौधरी के अलावा बच्चा है। सुमित और विंकी दोनों ही निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। विंकी रोज कनाॅट प्लेस के दफ्तर से स्कूटी पर आती-जाती है। मंगलवार शाम को वह स्कूटी से घर के लिए निकली। कश्मीरी गेट होते हुए वह शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर पहुंची तो चीनी मांझा गर्दन में फंस गया। विंकी ने स्कूटी रोकने का प्रयास किया, लेकिन गिर गई। विंकी के पीछे दफ्तर के सहयोगी भी थे। वह रुक गए। एक कार में बिठाकर विंकी को सिविल लाइंस स्थित संत परमानंद अस्पताल ले जाया गया, जहां से परिजन मैक्स अस्पताल ले गए। डॉक्टरों का कहना है कि गर्दन में घाव काफी गहरा है। बुधवार को विंकी की सर्जरी की गई है।
गर्मी बढ़ने के साथ ही शुरू हो जाती है पतंगबाजी
दिल्ली के अलावा हर राज्य में मौसम और त्योहार के अनुसार पतंगबाजी होती है, लेकिन राजधानी में गर्मियों की शुरुआत से ही पतंगबाजी शुरू हो जाती है। इस दौरान नियमों का उल्लंघन कर लोग चीनी मांझे का इस्तेमाल करते हैं। पाबंदी होने पर भी प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं देता। इसका खामियाजा राहगीर खासकर दोपहिया वाहन चालकों को उठाना पड़ता है। हर साल चीनी मांझे की चपेट में आकर दर्जनों लोग जख्मी होते हैं। परिंदे भी इसका शिकार होते हैं। अब उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस चीनी मांझे वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कह रही है।