दिल्ली: रिटायर जेएस का बेटा होटल कारोबारी को बोनट पर घसीटता ले गया, पिता समेत आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने रिटायर जेएस व लॉ की पढ़ाई कर रहे उसके आरोपी बेटे को शुक्रवार सुबह ली-मेरेडियन होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया है। बेटे के खिलाफ हत्या का प्रयास समेत समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश-एक में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पेट्रोलियम मंत्रालय से रिटायर संयुक्त सचिव (जेएस, एलाइड सर्विसेज) पांडियन सुंदरम के बेटे राज पांडियन सुंदरम ने एक होटल कोराबारी को पहले तेज रफ्तार से टक्कर मार दी। पीड़ित कार के बोनट पर जा गिरा तो आरोपी कार को रोकने की बजाय उसे करीब 200 मीटर तक घसीटता ले गया। पीड़ित कारोबारी आरोपी छात्र को तीन दिन से तेज रफ्तार से कार चलाने से मना कर रहा था।
सड़क दुर्घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने रिटायर जेएस व लॉ की पढ़ाई कर रहे उसके आरोपी बेटे को शुक्रवार सुबह ली-मेरेडियन होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया है। बेटे के खिलाफ हत्या का प्रयास समेत समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। रिटायर जेएस को बाउन-डाउन कर शुक्रवार सुबह छोड़ दिया गया है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित कारोबारी अनंत विजय मंडेलिया (37) बी-92 ग्रेटर कैलाश में रहते हैं। उनका होटल का व्यवसाय है और उनके मध्य प्रदेश समेत कई जगहों पर होटल हैं। आरोपी छात्र राज पांडियन सुंदरम सी-78 ग्रेटर कैलाश-एक में परिवार के साथ रहता है और गुरुग्राम स्थित प्राइवेट इंस्टीटूयट से लॉ (चौथा सेमेस्टर) की पढ़ाई कर रहा है। आरोपी छात्र राज पांडियन सुंदरम तीन दिन से पीड़ित के घर के सामने से तेज रफ्तार कार में चलाकर ले जा रहा था। होटल कारोबारी उसे तीन दिन से तेज रफ्तार से कार चलाने से मना कर रहे थे। बावजूद आरोपी माना नहीं।
तेज रफ्तार कार चलाने से रोकने पर दिया घटना को अंजाम
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने आठ फरवरी की शाम करीब साढ़े पांच बजे पीड़ित को जोरदार टक्कर मार दी। पीड़ित आनंद विजय मंडेलिया बोनट पर जा गिरे। आरोपी छात्र करीब 200 मीटर तक पीड़ित को घसीटता ले गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। होटल कारोबारी को सिर में चोट लगी हैं और वह साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं। ग्रेटर कैलाश-एक थानाध्यक्ष अजीत कुमार की टीम ने शुक्रवार सुबह आरोपी पिता-पुत्र को गुरुग्राम स्थित ली-मेरेडियम होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पिता को आरोपी बेटे को संरक्षण देने व अपराध छिपाने का आरोपी बनाया गया है। आरोपी छात्र के खिलाफ सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज करने की बजाए हत्या का प्रयास और गैर-इरादतन हत्या के प्रयास समेत दूसरी धाराओं में मामला भी दर्ज किया गया है।