कार्रवाई: दिल्ली पुलिस और केंद्रीय जिला प्रशासन ने 879 किग्रा पटाखे जब्त किए, एटा से आए सात लोग गिरफ्तार
केंद्रीय दिल्ली के डीएम ने कहा कि मार्केट में जांच के लिए 15 निरीक्षण टीमों को तैनात किया गया है। एटा से कुछ युवक पटाखे बेचने दिल्ली के सदर बाजार पहुंच गए। पुलिस ने इनके सामान की तलाशी ली तो भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली में पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध होने के बाद दिल्ली पुलिस और जिला प्रशासन पटाखों की कालाबाजारी करने वालों पर लगातार शिकंजा कस रही है। मंगलवार को केंद्रीय दिल्ली जिला में सदर बाजार के महावीर बाजार क्षेत्र से लगभग 879 किलोग्राम पटाखे जब्त करने के साथ एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा यूपी के एटा से यहां पटाखे बेचने आए सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 77 किलो पटाखे बरामद हुए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से की। केंद्रीय दिल्ली के डीएम ने कहा कि लगभग 879 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए। मार्केट में जांच के लिए 15 निरीक्षण टीमों को तैनात किया गया है।
उत्तर-प्रदेश के एटा से कुछ युवक पटाखे बेचने दिल्ली के सदर बाजार पहुंच गए। सवेरे-सवेरे पुलिस ने इनको संदिग्ध हालत में घूमते हुए देखा तो इनके सामान की तलाशी ली। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान किंगपिन मिसीओली, एटा, यूपी निवासी शेर मोहम्मद (25), इरफान मलिक (18), फिरोज (22), अविनाश (18), गांव रसकावा, हाथरस निवासी करण सिंह (21), सोरतगढ़, सिद्धार्थ नगर निवासी अनिल गुप्ता (22) और गांव मोतीगंज, गोंडा निवासी रवि (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 77.2 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं।
पूछताछ के दौरान शेर मोहम्मद ने बताया कि पिछले साल दिवाली पर उसने पटाखे बेचने के लिए खरीदे थे। दिल्ली में बेचने का प्लान था। लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाया। इस बार उसकी एक पार्टी से बात हुई थी। सुबह के समय चुपचाप पुलिस से बचकर पटाखे बेचने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर इस बात का पता करने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसे पटाखे बेचने जा रहे थे।
उत्तर-जिला पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि पटाखों पर प्रतिबंध के बाद से ही पुलिस पूरे उत्तरी जिला में कड़ी नजर रखे हुए है। इसी कड़ी में सोमवार सुबह करीब 7.45 बजे पुलिस की टीम ने छानबीन शुरू की। सदर बाजार थाना प्रभारी केएल यादव व अन्यों की टीम वहां पहुंच गई। शक के आधार पर छह-सात युवकों को जांच के लिए रोका गया। इस दौरान उनके बैग में भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए।