{"_id":"6023791f8ebc3e26ba1644ce","slug":"delhi-nursery-admission-2021-to-start-from-18-february-orders-education-directorate","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली में 18 फरवरी से शुरू होगी नर्सरी दाखिला प्रक्रिया, यहां देखिए शेड्यूल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली में 18 फरवरी से शुरू होगी नर्सरी दाखिला प्रक्रिया, यहां देखिए शेड्यूल
Wed, 10 Feb 2021 12:48 PM IST
पूजा त्रिपाठी
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: पूजा त्रिपाठी
Updated Wed, 10 Feb 2021 12:48 PM IST
विज्ञापन
nursery admission
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली के शिक्षा निदेशालय ने आदेश जारी किया है कि राजधानी में नर्सरी दाखिला प्रक्रिया 18 फरवरी से शुरू होगी। इस खबर से उन अभिभावकों को बहुत राहत मिली है जो पिछले कई महीनों से अपने नौनिहालों के एडमिशन के लिए इंतजार कर रहे थे। शिक्षा निदेशालय ने जानकारी दी है कि नर्सरी दाखिले की पहली सूची 20 मार्च को जारी की जाएगी और पूरी प्रक्रिया 31 मार्च को सम्पन्न होगी। बता दें कि यह दाखिला प्रक्रिया ओपन सीट के लिए है, ईडब्ल्यूएस और डीजी श्रेणी के छात्रों के लिए तारीख अभी आनी है।
विज्ञापन
दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने भी ट्वीट कर दी जानकारी
दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर भी जानकारी दी कि दिल्ली सरकार ने नर्सरी दाखिले के लिए समय सारिणी का एलान कर दिया है। सभी बच्चों और अभिभावकों को मेरी शुभकामनाएं।
विज्ञापन
Nursery admission schedule announced by the Delhi govt.... best wishes for all the parents and kids. pic.twitter.com/bGANGnZLvS
विज्ञापन विज्ञापन— Manish Sisodia (@msisodia) February 10, 2021
सहायक शिक्षा निदेशक योगेश पाल ने जानकारी दी कि सामान्य तौर पर दिल्ली के लगभग 1700 स्कूलों में नर्सरी के दाखिले नवंबर माह के अंत तक शुरू हो जाते हैं। शिक्षा निदेशालय दिसंबर में फॉर्म जारी कर स्कूलों से सभी जरूरी जानकारी को पूरी करने के लिए कहता है। हालांकि 2020 में ऐसा कुछ नहीं हुआ।
दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने दिसंबर में कहा था कि इस साल नर्सरी दाखिला प्रक्रिया को शुरू न किया जाए क्योंकि बीते नौ महीने से कोविड के चलते स्कूल बंद थे और आगे भी जब तक वैक्सीन न आए बंद ही रहने वाले थे। सरकार का मानना था कि पूरे साल के लिए ऑनलाइन पढ़ाई ठीक नहीं है। हालांकि स्कूल के प्रधानाचार्यों ने इस विचार का विरोध किया था।
जानें क्या है पूरा शेड्यूल-
- 17 फरवरी- वेबसाइट पर दाखिला प्रक्रिया का फॉर्म, क्राइटीरिया आदि अपलोड किया जाएगा
- 18 फरवरी- दाखिला प्रक्रिया की शुरुआत और फॉर्म की उपलब्धता
- 4 मार्च- स्कूलों में फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख
- 9 मार्च- जिन बच्चों ने ओपन सीट के लिए आवेदन किया है स्कूल उनके नाम अपलोड करेंगे
- 15 मार्च- जिन बच्चों ने एडमिशन के लिए अप्लाई किया है प्वाइंट सिस्टम के हिसाब से उनके अंक अपलोड किए जाएंगे
- 20 मार्च- जो बच्चे दाखिले के लिए सेलेक्ट होंगे उनकी पहली सूची जारी होगी, इसमें वेटिंग लिस्ट में शामिल बच्चों के नाम भी होंगे और प्वाइंट सिस्टम के हिसाब से उनके अंक भी होंगे
- 22-23 मार्च- बच्चों को दिए गए मार्क्स को लेकर अगर उनके अभिभावकों के कोई सवाल होंगे तो इन दो तारीखों में लिखित/ईमेल/मौखिक रूप से स्कूलों से पूछा जा सकता है
- 25 मार्च- चयनित बच्चों की दूसरी सूची जारी होगी, यहां भी वेटिंग लिस्ट वाले बच्चों के नाम भी शामिल होंगे
- 26 मार्च- बच्चों को दिए गए मार्क्स को लेकर अगर उनके अभिभावकों के कोई सवाल होंगे तो लिखित/ईमेल/मौखिक रूप से स्कूलों से पूछा जा सकता है
- 27 मार्च- अगर स्कूलों में सीट बचे हैं तो इस दिन उनके लिए चयनित बच्चों की सूची जारी होगी
- 31 मार्च- दाखिला प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी