फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi News : Superstition became the reason for the murder

अंधविश्वास बना कत्ल का कारण : थैलियम से दो दिन पहले पत्नी की भी अस्पताल में हुई मौत

Sun, 11 Apr 2021 05:01 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली 
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली  Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Sun, 11 Apr 2021 05:01 AM IST
सार

  • पत्नी का गर्भपात कराना बना था हत्याकांड की वजह, ससुर की बच गई थी जान
  • गिरफ्तारी के डर से बिल्डर ने खुद भी खा लिया था थैलियम जहर, इलाज के बाद भेजा गया जेल

विज्ञापन
Delhi News : Superstition became the reason for the murder
वरुण की शादी... - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

अंधविश्वास के कारण उपजे गुस्से ने बिल्डर वरुण अरोड़ा के दिलोदिमाग पर इस कदर कब्जा किया कि उसने हंसते-खेलते परिवार के तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया। पत्नी पर उसका गुस्सा इस कदर था कि उसने सभी ससुरालवालों के कत्ल की साजिश रच डाली। पत्नी दिव्या, सास अनीता और साली प्रियंका को जहर खिलाकर मार डाला। ससुर इंद्रपुरी निवासी होम्योपैथी मेडिसिन के निर्माता और कारोबारी देवेंद्र मोहन शर्मा खुशकिस्मत रहे कि उनकी जान बच गई। बेटी की मौत के बाद देवेंद्र अब दिव्या के दोनों बच्चों की कस्टडी लेना चाहते हैं, जो इन दिनों अपनी दादी के साथ रहते हैं। 23 मार्च को मामला खुला तो वरुण बेहद डर गया। उसने खुद भी थैलियम का सेवन कर लिया। हालांकि इलाज के बाद अब उसकी हालत ठीक है और उसे जेल भेज दिया गया है।

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक, वरुण और दिव्या की शादी वर्ष 2009 में हुई थी। दोनों परिवारों के पास पैसे की कोई कमी नहीं थी। वरुण के पिता बिल्डर थे, जबकि दिव्या के पिता होम्योपैथी मेडिसिन के निर्माता। वरुण माता-पिता की इकलौती संतान था। वह अपने पिता के साथ ही काम करता था। शादी के आठ साल बाद तक वरुण और दिव्या को कोई संतान नहीं हुई। बाद में आईवीएफ तकनीक से दिव्या ने जुड़वां बेटे और बेटी को जन्म दिया। 28 फरवरी 2020 को वरुण के पिता का हार्ट अटैक से निधन हो गया।
विज्ञापन


इसके कुछ दिन बाद दिव्या एक बार फिर गर्भवती हुई। वरुण ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसे लगता था कि इस बार जन्म लेने वाली संतान के रूप में उसके पिता धरती पर आएंगे। वह चाहता था कि किसी भी कीमत पर दिव्या इस संतान को जन्म दे। उधर, दिव्या से डॉक्टरों ने कहा कि इस बच्चे के जन्म से दिव्या की जान को खतरा हो सकता है। इसलिए ससुराल वालों ने उस पर दबाव डाला और गर्भपात करा दिया। इस बात को लेकर वरुण ने अपनी सास से कहासुनी भी की थी। इस घटना के बाद से वरुण और दिव्या में झगडे़ बढ़ गए। दिव्या ज्यादातर मायके में रहने लगी। अपने अंधविश्वास और दिव्या के रवैये के कारण वरुण बेहद खफा था।
विज्ञापन
विज्ञापन


सबसे पहले हुई साली प्रियंका की मौत
देवेंद्र शर्मा की छोटी बेटी प्रियंका शर्मा को कमजोरी और बदन दर्द की शिकायत पर बीएल कपूर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। धीरे-धीरे उसके शरीर और मस्तिष्क ने काम करना बंद कर दिया। करीब 15 दिन चले इलाज के बाद 15 फरवरी को उसकी मौत हो गई। अंत तक डॉक्टर रोग के बारे में समझ नहीं पाए। बेटी की मौत के बाद देवेंद्र शर्मा की पत्नी अनिता शर्मा भी रहस्यमय बीमारी की शिकार हो गईं। उन्हें गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पहली जांच के दौरान उनके यूरिन में थैलियम जहर के अंश पाए गए। 21 मार्च को उनकी भी मौत हो गई। अनीता शर्मा के शरीर में भी प्रियंका जैसे लक्षण थे। उधर, बड़ी बेटी दिव्या और खुद देवेंद्र में भी उसी तरह के लक्षण दिखने लगे। उनके यहां काम करने वाली घरेलू सहायिका के भी बाल झड़ने लगे। दिव्या और देवेंद्र की जांच रिपोर्ट में भी थैलियम के अशं पाए गए तो सूचना पुलिस को दी गई।

ससुर को हुआ दामाद पर शक 
देवेंद्र शर्मा ने अमेरिका में रहने वाले एक डॉक्टर दोस्त के पास अपनी जांच रिपोर्ट भेजी थी। उनके दोस्त ने कहा कि यह जहर सब्जी, दाल या फिर पानी के जरिये नहीं, बल्कि उनके शरीर में जबरन डाला गया है। तब देवेंद्र को याद आया कि 31 जनवरी को उनका दामाद वरुण अरोड़ा पार्टी का बहाना कर अपने घर से मछली बनाकर लाया था। उसने घर के सभी सदस्यों को मछली खिलाई थी। यहां तक कि प्रियंका के मौजूद नहीं होने पर उसने उसके लिए अलग से मछली रख दी थी। इसे उसने बाद में खाया था। उसने घरेलू सहायिका को भी मछली खिलाई थी। अपने दो बच्चों को उसने यह मछली नहीं खाने दी। उसने कह दिया कि बच्चे दूध पी रहे हैं। यह बात उन्होंने पुलिस को बताई। 

गंगाराम अस्पताल ने दी थी पुलिस को शिकायत
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 21 मार्च को गंगाराम अस्पताल से फोन आया था कि एक मरीज अनीता शर्मा की मौत हो गई है। डॉक्टरों को शक है कि उन्हें जहर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने डॉक्टरों से बातचीत की। पुलिस ने छानबीन और देवेंद्र के शक के आधार पर वरुण के घर में छापा मारा। वहां से पुलिस ने उसका लैपटॉप कब्जे में लेकर छानबीन की। इसमें पता चला कि उसने थैलियम जहर के बारे में सर्च की थी। तलाशी के दौरान घर से थैलियम की शीशी भी मिल गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की। 

इराक का तानाशाह सद्दाम हुसैन करता था इस्तेमाल
वरुण को इंटरनेट पर सर्च के दौरान इराक का तानाशाह रहे सद्दाम हुसैन का लेख मिला। इसमें उसने लिखा था कि वह अपने दुश्मनों को ठिकाने लगाने के लिए उनके खाने में थैलियम जहर मिलाकर दे देता था। यह धीमा जहर धीरे-धीरे असर कर लोगों की जान ले लेता है। वरुण भी ससुराल वालों की हत्या का इरादा तो कर ही चुका था, लेकिन वह खुद फंसने के डर से सीधे कत्ल नहीं करना चाहता था। उसे लगा कि ससुराल वालों को थैलियम खिला दिया जाए तो उसका मकसद पूरा हो जाएगा और किसी को शक भी नहीं होगा।


22 हजार रुपये चुकाई थी कीमत
वरुण ने बताया कि उसने थैलियम का ऑर्डर ऑनलाइन ही दिया था। इसके लिए 22 हजार रुपये कीमत चुकाई थी। प्रियंका की फरवरी में मौत के बाद बिना किसी शक उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया तो उसे लगा कि वह बच गया है। मार्च में सास अनीता की मौत के बाद डॉक्टरों ने पुलिस को फोन किया तो सारा मामला खुल गया। इंटरनेट पर ऑर्डर के बाद जहर डिलीवर करने वाला अभी पकड़ में नहीं आया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed