{"_id":"60231d338ebc3e4c670e8a46","slug":"delhi-news-delhi-night-colder-than-shimla-hope-for-relief-with-clear-weather","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली की रात शिमला से भी ठंडी, राहत की उम्मीद के बीच हवा हुई 'बहुत खराब'","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली की रात शिमला से भी ठंडी, राहत की उम्मीद के बीच हवा हुई 'बहुत खराब'
Wed, 10 Feb 2021 06:38 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली/शिमला
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली/शिमला
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Wed, 10 Feb 2021 06:38 AM IST
विज्ञापन
बहुत खराब हुई दिल्ली की हवा...
- फोटो : ANI
हिल क्वीन शिमला में दो फुट बर्फबारी होने के चार दिन बाद ही पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि चंडीगढ़, दिल्ली, अहमदाबाद, देहरादून, अंबाला और करनाल समेत देश के कई शहरों में शिमला का न्यूनतम पारा अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से दिल्ली में सुबह औऱ शाम को ठंड महसूस की जा रही है। इस बीच दिल्ली की हवा 'बहुत खराब' की श्रेणी में पहुंच गई है। सफर के मुताबिक आज सवेरे दिल्ली का एक्यू आई 325 रहा।
विज्ञापन
शिमला में सोमवार रात का न्यूनतम तापमान 11.5, जबकि अहमदाबाद में 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। उत्तराखंड के देहरादून में 8.5, चंडीगढ़ में 9.6 और राजस्थान के जयपुर में 11.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, प्रदेश के अधिकतम तापमान में सामान्य से चार से पांच डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
विज्ञापन
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आगामी दिनों में दिन के तापमान में वृद्धि होने के साथ-साथ बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं, बुधवार सुबह विभिन्न इलाकों में औसत से घना कोहरा छाए रहने के साथ दिन में मौसम साफ बना रहेगा।
विज्ञापन
प्रादेशिक मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 7.8 व अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के तापमान में वृद्धि होने व धूप निकलने की वजह से हल्की गर्मी भी महसूस की गई। हालांकि, शाम होते-होते लोग गर्म कपड़ों से खुद को ढकते दिखे।
मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से दिल्ली में सुबह व शाम के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है। हालांकि, आगामी दिनों में 14 फरवरी तक बादल छाए रहने के बाद अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे आने वाले दिनों में दिल्ली में गर्मी का एहसास और बढ़ेगा। पिछले 24 घंटे की बात करें तो हवा में नमी का अधिकतम स्तर 100 व न्यूनतम 42 फीसदी दर्ज किया गया। इस वजह से दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सुबह मध्यम स्तर का कोहरा भी रहा।
बहुत खराब श्रेणी में बरकरार दिल्ली-एनसीआर की हवा
दिल्ली-एनसीआर की हवा मंगलवार को भी बहुत खराब श्रेणी में बरकरार रही। वहीं, गाजियाबाद की हवा बहुत खराब श्रेणी के उच्चतम स्तर में सबसे दमघोंटू दर्ज की गई। आगामी दो दिन में दिल्ली-एनसीआर की हवा और बिगड़ने के साथ बहुत खराब श्रेणी के उच्चतम स्तर में पहुंचने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, मंगलवार को राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 305 दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले यह 303 दर्ज किया गया था। सफर के अनुसार, हवा का साथ न देने और वेंटिलेशन इंडेक्स खराब रहनेे की वजह से हवा की स्थिति और बिगड़ने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में हवा में पीएम 10 का स्तर 295 व पीएम 2.5 का स्तर 152 दर्ज किया गया।