चिंता : प्रति 10 लाख आबादी पर दिल्ली में सबसे ज्यादा कोरोना के मामले और मौतों की संख्या
राजधानी दिल्ली में कोरोना की लहर बेहद जानलेवा साबित हो रही है। देश के सभी राज्यों के मुकाबले दिल्ली में प्रति 10 लाख आबादी पर सबसे अधिक कोरोना मामले और मौतें हुई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी दिल्ली में कोरोना की लहर बेहद जानलेवा साबित हो रही है। देश के सभी राज्यों के मुकाबले दिल्ली में प्रति 10 लाख आबादी पर सबसे अधिक कोरोना मामले और मौतें हुई हैं। बेशक, दिल्ली एक शहरी क्षेत्र है और बाकी राज्यों के साथ इसकी तुलना भ्रामक हो सकती है। क्योंकि, शहरी क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण के मामले ग्रामीण इलाकों की तुलना में अधिक है।
अप्रैल की शुरुआत से ही प्रति 10 लाख आबादी पर कोरोना से होने वाली मौतों के मामले में दिल्ली सबसे आगे है। हालांकि, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र इस आंकड़े को छूने में ज्यादा पीछे नहीं है। अब तक की कुल मौतों की बात करें तो दोनों राज्यों की स्थिति बदल जाती है। उत्तराखंड प्रति मिलियन मौतों के मामले में कम सुर्खियों में रहा और पंजाब शीर्ष पांच में रहा।
बता दें कि अप्रैल की शुरुआत से अब तक केवल 36 दिनों में कोरोना के लगभग आधे मामले या उससे अधिक आठ राज्यों से ही सामने आए हैं। जिसमें गुजरात (52%), राजस्थान (53%), मध्य प्रदेश (54%), छत्तीसगढ़ (57%), यूपी (57%), उत्तराखंड (54%), झारखंड (54%), और बिहार (52%) शामिल हैं। जबकि झारखंड (68%) और छत्तीसगढ़ (58%) में पचास प्रतिशत से ज्यादा मौतें इस अवधि के दौरान हुई।
वहीं दिल्ली में लगातार चौथे दिन कोरोना संक्रमण के नए मामले 20 हजार के अंदर बने हुए हैं जो एक अच्छा संकेत है। बीते 24 घंटे में राजधानी में कुल 19832 नए मामले आए हैं, वहीं 341 लोगों की मौत हो गई है। संक्रमण की स्थिर रफ्तार के चलते दिल्ली का पॉजिटिविटी रेट 25 प्रतिशत बना हुआ है।
दिल्ली में बीते 24 घंटे में कुल 79593 टेस्ट हुए जिसमें से 65,663 आरटीपीसीआर टेस्ट हुए और 13390 एंटीजन टेस्ट हुए। इसके बाद अब दिल्ली की मौजूदा संक्रमण दर 24.92 प्रतिशत यानी लगभग 25 प्रतिशत बनी हुई है। हालांकि इस दौरान कुल 19085 मरीज संक्रमण से स्वस्थ हुए जो अच्छा संकेत है।
बात अगर दिल्ली के अस्पतालों की करें तो यहां कुल 22097 बेड हैं जिसमें से 19922 भरे हुए हैं और 2175 खाली हैं। डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर में 5525 बेड हैं जिसमें से 745 भरे हैं और 4780 बेड खाली हैं। डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर में 206 बेड हैं जिसमें से 111 भरे हैं और 95 खाली हैं। इस वक्त होम आइसोलेशन में कुल 50425 मरीज हैं।
दिल्ली में कोविड की शुरुआत से अब तक कुल 12 लाख 92 हजार 867 लोग संक्रमित हो चुके हैं। अब तक की कुल पॉजिटिविटी रेट 7.31 प्रतिशत है तो कुल 11 लाख 83 हजार 93 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। दिल्ली में अब तक कोरोना से कुल 18739 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली की मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है। वहीं दिल्ली में इस वक्त 91,035 एक्टिव केस हैं।