{"_id":"651dd19a96119246690d4014","slug":"delhi-biggest-theft-mastermind-lokesh-to-appears-in-court-today-2023-10-05","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली की सबसे बड़ी चोरी : मास्टरमाइंड लोकेश ने खुशी में दोस्त को दे दी थीं सोने की दो चेन, आज कोर्ट में पेशी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली की सबसे बड़ी चोरी : मास्टरमाइंड लोकेश ने खुशी में दोस्त को दे दी थीं सोने की दो चेन, आज कोर्ट में पेशी
Thu, 05 Oct 2023 03:28 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Thu, 05 Oct 2023 03:28 AM IST
सार
इतना माल मिलने के बाद वह बहुत खुश हुआ था। उसने छत्तीसगढ़ जाने के बाद दोस्त शिवा को सबसे बड़ी चोरी के बारे में बताते हुए कहा कि वह अमीर बन गया है, अब आगे से वह चोरी नहीं करेगा। उसने खुशी में सोने की दो चेन शिवा को दे दी थी।
विज्ञापन
दिल्ली में सबसे बड़ी चोरी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दिल्ली की सबसे बड़ी चोरी के आरोपी हाईप्रोफाइल चोर लोकेश उर्फ गोलू ने कभी सोचा भी नहीं था कि उसे इतना माल मिल जाएगा। इतना माल मिलने के बाद वह बहुत खुश हुआ था। उसने छत्तीसगढ़ जाने के बाद दोस्त शिवा को सबसे बड़ी चोरी के बारे में बताते हुए कहा कि वह अमीर बन गया है, अब आगे से वह चोरी नहीं करेगा। उसने खुशी में सोने की दो चेन शिवा को दे दी थी। छत्तीसगढ़ पुलिस ने शिवा को जब गिरफ्तार किया था, तो उसके कब्जे से दोनों चेन बरामद की थी। दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस आरोपी लोकेश को बुधवार शाम दिल्ली ले आई। दिल्ली पुलिस इसके कब्जे से बरामद जूलरी को भी ले आई है।
विज्ञापन
दिल्ली पुलिस मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वारदात वाले दिन यानि 24 सितंबर को आरोपी लोकेश रात 11.45 बजे शोरूम मेें छत के रास्ते घुसा था। इसके बाद शोरूम में सो गया था। आरोपी ने बताया कि वह शोरूम में जाकर इसलिए सोया था कि अगर वह रात में स्ट्रांग रूम को काटेगा तो आवाज होगी और आसपास के लोगों को पता लग जाएगा। वह अगले दिन सुबह आठ-नौ बजे सोकर उठा। इसके बाद उसने 11.30 बजे तक इंतजार किया। उसे लगा कि सुबह कोई शोरूम में आ सकता है। अगर कोई आ गया तो वह छत के रास्ते भाग जाएगा। जब 11.30 बजे कोई नहीं आया तो उसने आभूषणों को समेटना शुरू किया।
विज्ञापन
उसने स्ट्रांग रूम को काटना शुरू किया। वह पेचकस व गिरंडर खरीदकर लाया था। उसे हथौड़ा शोरूम में ही मिल गया था। गहनों को समेटकर वह छत के रास्ते ही बाहर निकला। शोरूम से करीब 50 मीटर की दूरी पर उसे ऑटो मिल गया था। ऑटो से वह कश्मीरी गेट बस अड्डे पहुंचा था। आरोपी ने बताया कि छत्तीसगढ़ जाकर अपने दोस्त शिवा को बताया कि उसने उम्मीद नहीं की थी कि उसे इतना माल मिल जाएगा। उसने गहनों को अपने किराये के मकान में रख दिया था।
विज्ञापन
आज कोर्ट में पेश किया जाएगा
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने बताया कि आरोपी लोकेश को दिल्ली ले आया गया है। जिले के एएटीएस प्रभारी राजेंद्र सिंह डागर की देखरेख में पुलिस टीम विमान से उसे दिल्ली लेकर आई है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि ट्रांजिट रिमांड खत्म होने के बाद बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा।