दिल्ली: पुलिस कालोनी में एएसआई के घर लगाई थी सेंध, फरार होते समय पकड़ा गया
एएसआई के घर चोरी करने के बाद आरोपी की एक रेहड़ी वाले से लड़ाई हो गई। वहां से पुलिस को कॉल की गई। पुलिस ने मौके पर जाकर आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से एक चाकू तथा चोरी का लाखों का सामान बरामद हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गीता कालोनी इलाके में दिल्ली पुलिस के एएसआई के घर में चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सीमापुरी निवासी शेख सद्दाम (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से आठ लाख के सोने-चांदी के जेवरात व अन्य सामान बरामद किया है।
वारदात के समय दिल्ली पुलिस के एएसआई नरेंद्र कुमार घर में मौजूद थे। आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया। लेकिन रास्ते में इसका एक रेहड़ी वाले से झगड़ा हो गया। झगड़े की कॉल पर पहुंची पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो इसके पास से एक चाकू के अलावा जेवरात और कैश बरामद हुआ। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आर.सत्यसुंदरम ने बताया कि रविवार सुबह करीब 6.45 बजे गीता कालोनी इलाके में झगड़े की कॉल मिली। पुलिस की टीम हैप्पी पब्लिक स्कूल 11-ब्लॉक पहुंची। वहां एक युवक रेहड़ी वाले से झगड़ा करते मिला। पुलिस ने आरोपी को काबू किया। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से एक चाकू बरामद हुआ। उसके पास एक बैग था, उसमें भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात और कैश था।
पूछताछ के दौरान ही एएसआई का आया फोन
पूछताछ करने पर आरोपी गोल-मोल जवाब देने लगा। इसी दौरान गीता कालोनी पुलिस कालोनी से एएसआई नरेंद्र कुमार की कॉल थाने आ गई। उनके मकान से लाखों के जेवरात और कैश गायब था। नरेंद्र को हैप्पी स्कूल बुलाया गया। वहां उन्होंने अपने सामान की पहचान कर ली।
नरेंद्र ने बताया कि वह पुलिस मुख्यालय में तैनात हैं। घटना वाले दिन देर रात करीब 12.30 बजे वह अपने घर पहुंचे थे। पुलिस ने आरोपी शेख सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन की जा रही है। वह लूटपाट, चोरी और अवैध हथियार के छह मामलों में पहले भी शामिल रह चुका है।