नई दिल्ली। सरकारी स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले मिड डे मील में किस कदर लापरवाही बरती जा रही है, इसकी बानगी बृहस्पतिवार को दिल्ली सरकार के एक स्कूल में देखने को मिली। नबी करीम इलाके में स्थित एसडी हरी मंदिर गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बच्चों को वितरित करने के लिए सुबह नमकीन दलिया के पांच कंटेनर पहुंचे थे। इन्हीं में से एक कंटेनर में मरा चूहा मिला तो शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद इसके सैंपल लिए गए।
स्कूल की चेयरपर्सन और सलाहकार अनीता जैन ने बताया कि दो महीने से खाने की गुणवत्ता को लेकर वे ठेकेदार के खिलाफ लगातार शिकायत करती आ रही हैं। दलिया से भरे एक कंटनेर का ढक्कन खोला तो उसमें मरा चूहा मिला। हालांकि बच्चों को खाना बंाटने से पहले ही इसकी जानकारी मिल गई। इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी गई। जैन का कहना है कि चूहा मिलने के बाद जब एनजीओ की टीम स्कूल पहुंची, तो उन्होंने अपनी गलती को स्वीकार किया। गौरतलब है कि हाल ही में मुज्जफरनगर (उत्तर प्रदेश) के एक स्कूल में भी मिड-डे-मील में मरा चूहा निकला था। इसके बाद मिड डे मील सप्लाई करने वाले एनजीओ के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया।