भाजपा के बाद अब 'आप' नेता पहुंचे चांदनी चौक के मंदिर, पूजा अर्चना कर किया हनुमान चालीसा का पाठ
दिल्ली के चांदनी चौक में रातों रात बनाए गए हनुमान मंदिर पर सियासत तेज हो गई है। भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों ही दलों के नेता मंदिर पहुंचकर खुद को बजरंग बली के सबसे बड़े भक्त सिद्ध करने में लगे हुए हैं।
शनिवार को आम आदमी पार्टी के एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने चांदनी चौक जाकर प्राचीन हनुमान मंदिर में बजरंग बली की पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।
इस दौरान पाठक ने कहा कि संकट मोचन हनुमान जी के भक्तों ने चांदनी चौक में ये मंदिर बनाया है। हम यहां प्रार्थना करने आए हैं कि हनुमान जी देश के सारे संकट दूर करें और सबको सद्बुद्धि दें।
मालूम हो कि चांदनी चौक इलाके में उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा हटाए गए 50 साल पुराने मंदिर के स्थान पर गुरुवार को रातों-रात फिर से हनुमान मंदिर खड़ा कर दिया गया है। शुक्रवार की सुबह मंदिर के बनाए जाने की जानकारी मिली। बता दें कि मंदिर में हनुमान जी की वही मूर्ति स्थानीय लोगों द्वारा रखी गई है जो पहले वाले मंदिर में थी।चाँदनी चौक के प्राचीन हनुमान मंदिर में संकट मोचन प्रभु पवन सुत हनुमान जी की स्थानीय लोगों के साथ पूजा अर्चना की।
— Durgesh Pathak (@ipathak25) February 20, 2021
और विश्व शांति के लिये प्रार्थना की।
जय बजरंगबली 🙏🏻 pic.twitter.com/nLwWR4Sd4Y
आपको बता दें कि चांदनी चौक में स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पर 3 जनवरी की सुबह चार बजे दिल्ली नगर निगम प्रशासन ने अपना बुलडोजर चला दिया था। अचानक रात के अंधेरे में मंदिर तोड़े जाने की इस कार्रवाई से क्षेत्र में तनाव पैदा हो गया था। दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके में जबरदस्त बैरिकेडिंग कर रखी थी।
चांदनी चौक आने-जाने के सभी रास्तों को सील कर दिया गया था। इसके बावजूद मौके पर पहुंचे कई हिंदू संगठनों ने इस तरह से मंदिर तोड़ने के पीछे दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी। मौके पर भारी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवान और आरएएफ की कई कंपनियां तैनात थीं।
मंदिर के रातों-रात बनने के बाद भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी भी सामने आए और इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि भाजपा ने कभी मंदिर के सौंदर्यीकरण का विरोध नहीं किया था, बल्कि हम तो इसे दोबारा स्थापित कराने की बात करते रहे।
वह आगे बोले, अब तो जनता ने ही इसे बना लिया है और यह केजरीवाल सरकार के मुंह पर तमाचा है। तिवारी ने यह भी कहा था कि वह इस मंदिर में दर्शन के लिए जरूर जाएंगे। वह तो ये भी बोले कि केजरीवाल को भी जाकर मंदिर के दर्शन कर प्रायश्चित करना चाहिए।