संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में 13 से 15 अक्तूबर तक आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन बायो विजन 2047: बायो राइज 2026 का समापन हो गया। सम्मेलन में 800 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया, जबकि 250 से अधिक शोधकर्ताओं ने विभिन्न विषयों पर अपने शोध प्रस्तुत किए। आयोजन को भारत सरकार के जैव प्रौद्योगिकी विभाग का सहयोग प्राप्त था। सम्मेलन में जैव प्रौद्योगिकी, औषधि अनुसंधान, कृषि, स्वास्थ्य सेवा, पर्यावरण, फॉरेंसिक विज्ञान और डिजिटल फोरेंसिक समेत 12 विषयगत क्षेत्रों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में 46 मुख्य वक्ताओं और सत्र अध्यक्षों ने भाग लिया। उद्घाटन सत्र में पद्मश्री प्रो. अशोक कुमार सिंह, आईसीएआर-भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली और भारत में बुर्किना फासो के राजदूत डॉ. डिजिरे बोनिफेस मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान बायोराइज इंडस्ट्री एंड साइंटिफिक एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 के तहत 14 संगठनों से जुड़े पुरस्कार भी प्रदान किए गए। आयोजन का उद्देश्य विभिन्न वैज्ञानिक क्षेत्रों में हुए शोध और उनके व्यावहारिक उपयोग से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करना था। स्कूल ऑफ साइंसेज की डीन एवं सम्मेलन अध्यक्ष प्रो. दीपशिखा पांडे कटारे ने बताया कि सम्मेलन में प्रस्तुत शोध कार्यवाही चार अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में बिना आर्टिकल प्रोसेसिंग शुल्क के प्रकाशित की जाएगी। समापन सत्र में प्रो. आशा श्रीवास्तव भी शामिल हुईं।