नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित चीनी और मेटैलिक-कोटेड मांझे के खिलाफ सघन अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। अपराध शाखा और मध्य जिला पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में कुल 1,518 रील को जब्त किया है और इस सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
पश्चिमी दिल्ली में अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए राजेश, आसद और सोहेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से प्रतिबंधित मांझे की 1,398 रील बरामद की हैं। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने बताया कि पूर्व सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और मंगलवार रात दो बजे ख्याला-पश्चिम विहार नाले की ओर से रघुबीर नगर की तरफ आती हुई एक कार दिखाई दी। कार को रोककर उसमें सवार तीनों लोगों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान वाहन से कई प्लास्टिक बैग और गत्ते के डिब्बे मिले, जिनमें प्रतिबंधित मांझा था। मध्य जिला पुलिस ने तीन दुकानदारों को गिरफ्तार कर प्रतिबंधित मांझे की 120 रील जब्त की हैं। मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि एएटीएस टीम को लाल दरवाजा, पुरानी दिल्ली, हौजकाजी इलाके में चीनी मांझे को बेचने की खबर मिली। टीम ने सिरकी वालान, हौजकाजी से मोहम्मद अनस को पकड़ा। दूसरी कार्रवाई में पहाड़गंज की गली डोर वाली से हरिराम गली निवासी दीपक को पकड़ा। दरियागंज से अमीर आजम को पकड़ा। ब्यूरो