मुहर्रम के जुलूस में ‘सेव कश्मीर’ लिखी टीशर्ट पहनकर पहुंचे युवक, सूचना से मची अफरातफरी
रुड़की में मुहर्रम के जुलूस में कुछ युवकों ने ‘सेव कश्मीर’ लिखी टीशर्ट पहनकर शिरकत की तो किसी फोटो खींचकर पुलिस को भेज दी। इस सूचना से अफरातफरी मच गई। आननफानन में पुलिस ने जुलूस में शामिल टी-शर्ट पहनने वाले युवकों व अन्य लोगों को कोतवाली में बुलाया।
अब उनसे पूछताछ की जा रही है। स्थानीय पुलिस ने मामले की जानकारी विभाग के उच्चाधिकारियों को भी दे दी है। बीते मंगलवार को गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में मुहर्रम का जुलूस निकला था। इसमें एक ग्रुप में शामिल कुछ युवकों ने सेव कश्मीर लिखी टीशर्ट पहनी थी।
यह फोटो पुलिस के पास पहुंचने पर पुलिस सतर्क हो गई। टीशर्ट पहनने वाले युवकों से पता चला कि जुलूस में पहनने के लिए इस तरह की 30 टीशर्ट बनवाई गई थीं। खुफिया विभाग ने भी युवकों से पूछताछ की है।
गंगनहर कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि उच्चाधिकारियों से मामले में गहनता से जांच के निर्देश मिले हैं। जांच में जो भी सामने आएगा, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।