युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम तरीके से हत्या, रेलवे बाउंड्री के पास मिला खून से सना शव
- युवक की शिनाख्त नहीं, पुलिस ने किया मौका मुआयना कर जांच शुरू की
विस्तार
उत्तराखंड में बाजपुर रोड स्थित प्रिया मॉल के पीछे एक अज्ञात युवक की गला रेतकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। खून से सना शव रेलवे बाउंड्री के पास पड़ा मिला। सूचना पर एएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रिया मॉल में पार्किंग के ठेकेदार डॉ. एमए राहुल ने बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस को सूचना दी कि रेलवे बाउंड्री के पास करीब 30 वर्षीय युवक का शव पड़ा है। सूचना पर कोतवाल चंद्रमोहन सिंह, आईटीआई थाना प्रभारी कुलदीप सिंह, एसएसआई विनोद जोशी व सतीश कापड़ी आदि मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार मृतक के चेहरे पर कटे के गहरे घाव मिले हैं।
किसी धारदार हथियार से उसका गला रेता गया है। शव के पास बाउंड्री के रेलवे के पोल पर भी खून लगा मिला। दीवार पर भी खून से सने हाथ के पंजे के निशान पाए गए। घटनास्थल की परिस्थितियों से ऐसा प्रतीत होता है कि वारदात से पहले युवक ने अपने बचाव के लिए भरसक प्रयास किए थे। तलाशी में मृतक के कपड़ों से पांच रुपये के सिक्के के अलावा एक अखबार भी मिला है।
30 सितंबर का यह अखबार हल्द्वानी संस्करण बताया गया है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मृतक नैनीताल क्षेत्र का हो सकता है। उसके दांए कान में रिंग था। कयास लगाया जा रहा है कि संभवत: लूट के इरादे से उसकी हत्या की गई है। मृतक ने स्वेटर, जैकेट व अन्य कपड़े पहने थे। सूचना पर पहुंचे एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र व सीओ मनोज ठाकुर ने पुलिस अधिकारियों से जरूरी जानकारी जुटाने के बाद घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए हैं। एसआई मदन बिष्ट ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
अज्ञात युवक की निर्मम हत्या के साक्ष्य जुटाने के लिए निरीक्षक संजय जोशी के नेतृत्व में एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। टीम ने घटनास्थल से फिंगर प्रिंट भी लिए। इसके अलावा घटनास्थल से खून सनी मिट्टी का नमूना भी सील किया गया।
आरपीएफ के अधिकारियों ने भी जुटाई जानकारी
रेलवे बाउंड्री के पास युवक की हत्या की सूचना मिलने पर आरपीएफ के अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर इस संबंध में जानकारी जुटाई। आरपीएफ के एएसआई अमरमणि त्रिपाठी, एसआई इंटेलीजेंस विनोद उपाध्याय वहां पहुंचे। घटनास्थल रेलवे परिसर से बाहर होने के कारण दोनों वापस लौट गए।