{"_id":"a9102c32dbb9a41d44c92f9a95109d1d","slug":"young-man-shot-dead-from-muzaffarnagar","type":"story","status":"publish","title_hn":"मुजफ्फरनगर के युवक की गोली मारकर हत्या","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मुजफ्फरनगर के युवक की गोली मारकर हत्या
अमर उजाला ब्यूरो, मंगलौर
Updated Sun, 08 Sep 2013 09:59 AM IST
विज्ञापन
रुहाना कलां गांव, मुजफ्फरनगर (यूपी) निवासी पंकज (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने सिर, सीने पर गोली मारकर युवक को मौत के घाट उतारा। नगला सलारु गांव में खेत से युवक का शव बरामद हुआ है।
विज्ञापन
हरिद्वार जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित नगला सलारु गांव निवासी सुनील बृहस्पतिवार सुबह अपने खेत पर गया था। खेत में 35 वर्षीय युवक का लहूलुहान शव देखकर उसके होश उड़ गए।
विज्ञापन
उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। एसएसआई उमेश कुमार पुलिस के साथ घटनास्थल पहुंचे। जांच में पता चला कि युवक को दो गोली मारी गई थी।
डायरी पर लिखे नंबर
एक गोली सीने में तो दूसरी सिर पर पीछे से चलाई गई थी। पुलिस ने मृतक की जेब से मिली डायरी पर लिखे नंबर पर फोन किया तो उसकी शिनाख्त पंकज पुत्र ऋषिपाल निवासी रुहाना कलां के रूप में हुई।
विज्ञापन
पुलिस की सूचना पर परिजन घटनास्थल पहुंचे। परिजनों के अनुसार पंकज बुधवार सुबह बाइक लेकर घर से निकला था। वह कहां जाने के लिए निकला था, इस बारे में परिजनों को भी जानकारी नहीं है।
बाइक भी साथ ले गए हत्यारे
युवक की हत्या करने के बाद हत्यारोपी बाइक भी साथ ले गए। पैर से जूते भी गायब है। कपड़े भी खून से लथपथ हैं। इससे लग रहा है कि नगला सलारु गांव में ही खेत में उसकी हत्या की गई और हत्यारे शव यहीं फेंक गए।
रुहाना में तो नहीं छिपा हत्या का राज
माना जा रहा है कि रंजिशन पंकज की हत्या की गई है। जिस तरीके से गोली चलाई गई है, उससे लग रहा है कि हत्यारे नहीं चाहते थे कि वह बच पाए। इसलिए उसके सीने, सिर पर गोली मारी गई थी। युवक की हत्या का राज उसके गांव से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अभी किसी भी तरह की संभावना से इनकार नहीं कर रही है।
चार पर हत्या का मुकदमा
रुहाना कलां गांव निवासी पंकज की हत्या मामले में उसके भाई शंकर कुमार ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में बताया कि उसके भाई पंकज के 35 हजार रुपये राकेश निवासी सिंभल, मुजफ्फरनगर की तरफ थे।
पंकज अपने पैसे मांग रहा था लेकिन आरोपी वापस नहीं कर रहा था। बुधवार सुबह राकेश ने पंकज को बुलाया था। तब से उसका पता नहीं चला। राकेश से पूछने पर उसने पंकज के वहां से चले जाने की बात कही।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर सिंभल (मुजफ्फरनगर) निवासी राकेश, बिश्वास, सुरेश और धतौली (मुजफ्फरनगर) निवासी आदेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।